—Advertisement—

स्कॉर्पियो से घूम-घूमकर डीजल चोरी कर रहा गिरोह, गाड़ासरई क्षेत्र में वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

एडीटर: Chetram Rajpoot September 22, 2026

—Advertisement—

– रात में सड़क किनारे खड़े ट्रक बन रहे निशाना, पाइप-कंटेनर लेकर चलते हैं चोर; कोसमडीह में ट्रकों से डीजल चोरी का मामला सामने आया

डिंडौरी न्यूज। गाड़ासरई थाना क्षेत्र में डीजल चोरी करने वाले गिरोह की सक्रियता का मामला सामने आया है। डीजल चोरी से संबंधित एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे कुछ लोग सड़क किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में रात के समय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वाले ट्रक चालकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि डीजल चोर गिरोह स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर रात के समय क्षेत्र में घूमता है और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाता है। वाहन चालकों के थकान के चलते गहरी नींद में होने का फायदा उठाकर चोर चंद मिनटों में ट्रक की टंकी से डीजल निकाल लेते हैं और इसके बाद अगले वाहन की तलाश में आगे बढ़ जाते हैं।

ट्रक के पीछे खड़ी स्कॉर्पियो वाहन में सवार गैंग कर रहा डीजल चोरी

– पाइप और कंटेनर लेकर चलते हैं चोर

वायरल वीडियो में चोरी की वारदात को अंजाम देने का तरीका भी सामने आता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि गिरोह के सदस्य अपने साथ पाइप और डीजल रखने के लिए कंटेनर आदि की व्यवस्था लेकर चलते हैं। ट्रक के पास पहुंचने के बाद पाइप के जरिए डीजल निकालकर कंटेनर में भरा जाता है और इसके बाद बिना देर किए स्कॉर्पियो वाहन से वहां से निकल जाते हैं।

– कोसमघाट में सामने आया ताजा मामला

डीजल चोरी का ताजा मामला गाड़ासरई थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमडीह में संचालित शिव वर्षा पेट्रोल पंप के पास सामने आया है। यहां सड़क किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करते हुए कुछ लोग नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि जिस स्कॉर्पियो वाहन से चोरी करने वाले पहुंचे थे, उस पर नंबर प्लेट भी नजर नहीं आ रही है।

बताया गया है कि ट्रक से डीजल चोरी करने के बाद आरोपियों ने पेट्रोल पंप परिसर में खड़े एक अन्य वाहन से भी डीजल चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि वाहन की डीजल टंकी पर जाली लगी होने के कारण चोर उसमें सफल नहीं हो सके। कुछ देर तक ताक-झांक करने के बाद वे वहां से निकल गए।

– वायरल वीडियो से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में डीजल चोरी की घटनाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। यदि गिरोह इसी तरह रात के समय सड़क किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बना रहा है तो लंबी दूरी की यात्रा करने वाले वाहन चालकों के सामने भी सुरक्षा की चिंता खड़ी हो सकती है।

वायरल वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों और वाहन के आधार पर अब पुलिस जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा कि डीजल चोरी की वारदातों में कौन लोग शामिल हैं और इस गिरोह ने क्षेत्र में अब तक कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और वाहन की जानकारी जुटाई जाती है तो डीजल चोरी के इस नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। हालांकि पीड़ित वाहन चालक ने मामले की शिकायत दर्ज नहीं कराया है।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment