—Advertisement—

देर रात तक अतिथि शिक्षक की मौजूदगी, छात्रा को मोबाइल फोन देने और बाहरी लोगों के आने-जाने की शिकायत : गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

एडीटर: Chetram Rajpoot November 20, 2026

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

– देर रात तक अतिथि शिक्षक की मौजूदगी, छात्रा को मोबाइल फोन देने और बाहरी लोगों के आने-जाने की शिकायत

– गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग

WhatsApp

डिंडौरी न्यूज।जिले के बजाग विकासखंड स्थित कन्या छात्रावास के संचालन एवं प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। छात्रावास में कथित अनियमितताओं, छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर आपत्ति जताते हुए गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन इंडिया ने जिला प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन ने छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर कई गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन इंडिया द्वारा 20 नवंबर 2026 को कलेक्टर डिंडौरी के नाम सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बजाग स्थित कन्या छात्रावास में ऐसी गतिविधियां और व्यवस्थागत अनियमितताएं सामने आ रही हैं, जो छात्राओं की सुरक्षा, गरिमा और छात्रावास के अनुशासित संचालन के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय हैं। ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बजाग के माध्यम से सौंपा गया है।

Advertisement

– देर रात तक अतिथि शिक्षक की मौजूदगी पर सवाल

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि एक अतिथि शिक्षक की देर रात तक छात्रावास परिसर में मौजूदगी रहती है। संगठन ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि रात के समय छात्रावास परिसर में बाहरी व्यक्तियों की अनावश्यक मौजूदगी छात्रावास संचालन के निर्धारित नियमों और छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से उचित नहीं है। संगठन ने इस पूरे मामले की जांच कर संबंधित अतिथि शिक्षक की भूमिका स्पष्ट करने की मांग की है।

WhatsApp

– छात्रा को व्यक्तिगत रूप से मोबाइल फोन देने का आरोप

शिकायत में एक अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि संबंधित अतिथि शिक्षक द्वारा एक छात्रा को व्यक्तिगत रूप से मोबाइल फोन उपलब्ध कराया गया है। संगठन ने इसे शिक्षक की गरिमा, मर्यादा और संस्थागत अनुशासन के विपरीत बताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में इस घटनाक्रम को लेकर भी उचित कार्रवाई की आवश्यकता जताई गई है।

– रात्रिकालीन गतिविधियों और बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर चिंता

ज्ञापन में छात्रावास परिसर में रात के समय होने वाली गतिविधियों को लेकर भी आशंका व्यक्त की गई है। संगठन का आरोप है कि छात्रावास की अधीक्षिका के पति का भी रात्रि में परिसर में निवास रहता है तथा उनके अन्य मित्रों का भी छात्रावास परिसर में आना-जाना होता है। शिकायत में छात्राओं के साथ बातचीत एवं अन्य गतिविधियों को नियमों के विपरीत बताते हुए इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की गई है।

– प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल

संगठन ने छात्रावास की समग्र व्यवस्था और प्रबंधन की निगरानी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि छात्रावास जैसी संवेदनशील संस्था में नियमों का पालन, अनुशासन और छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। ज्ञापन में आशंका जताई गई है कि प्रबंधन की कथित लापरवाही और अनियमितताओं के चलते छात्राओं की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

– उच्चस्तरीय जांच और तत्काल कार्रवाई की मांग

गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए एक उच्चस्तरीय जांच दल गठित किया जाए। जांच दल द्वारा छात्रावास का औचक निरीक्षण कर शिकायत में उल्लेखित सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही छात्रावास अधीक्षिका, अतिथि शिक्षक एवं संबंधित जिम्मेदारों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एवं गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन के नेतृत्व में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment