– भोपाल में आयोजित 7वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
– फाइनल में मध्य भारत ने हासिल किया दूसरा स्थान; नियमित प्रशिक्षण से निखर रही ग्रामीण प्रतिभाएं
डिंडौरी न्यूज ।भोपाल में आयोजित 7वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में डिंडौरी जिले के सात खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन से जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इंडियन कबड्डी फेडरेशन के तत्वावधान में 18, 19 एवं 20 नवंबर को LNCT यूनिवर्सिटी स्टेडियम भोपाल में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्य भारत की जूनियर कबड्डी टीम उपविजेता रही। टीम की इस उपलब्धि में डिंडौरी के सात खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया। दिल्ली, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में मध्य भारत की टीम ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले तक शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया।
– डिंडौरी के इन सात खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान
मध्य भारत की जूनियर कबड्डी टीम में डिंडौरी जिले के कमलेश मार्को, भूपेंद्र सैयाम, विकास सोनवानी, अनुराज यादव, गजेंद्र वरकड़े, लुकेश धूमकेती एवं अरमाननाथ परिहार शामिल रहे। इन सभी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सीनियर खिलाड़ी राम मरावी के साथ इन खिलाड़ियों ने मध्य भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम की सफलता में अहम सहभागिता निभाई। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि जिले में कबड्डी खेल के प्रति बढ़ते उत्साह और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम मानी जा रही है।

– सामुदायिक भवन में नियमित प्रशिक्षण से निखर रही प्रतिभाएं
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में चेतराम अहिरवार के विशेष प्रयासों से साकेत नगर स्थित सामुदायिक भवन में बालक एवं बालिकाओं को नियमित रूप से कबड्डी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला कबड्डी संघ डिंडौरी के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां सिखाने के साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी प्रशिक्षण और निरंतर अभ्यास के परिणामस्वरूप जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
जनप्रतिनिधि गण और अधिकारियों से खिलाड़ियों को आगे भी इसी तरह मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ खेल जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उपविजेता टीम का हिस्सा बनकर लौटे डिंडौरी के इन सात खिलाड़ियों की सफलता से जिले के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा बनेगी।



