—Advertisement—

हाथियों की मौजूदगी से अलर्ट वन विभाग, 9 अधिकारियों को सौंपी रात्रिकालीन गश्ती की कमान

एडीटर: Chetram Rajpoot November 20, 2026

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

– मेहंदवानी क्षेत्र में 22 से 30 नवंबर तक चलेगा विशेष निगरानी अभियान, वनग्रामों और राजस्व ग्रामों में मुनादी कर ग्रामीणों को किया जाएगा सतर्क; जनहानि और फसल नुकसान रोकने पर जोर

डिंडौरी न्यूज । जिले के मेहंदवानी वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने जनसुरक्षा के मद्देनजर अपनी सतर्कता बढ़ा दी है। मानव-हाथी द्वंद्व की आशंका को रोकने और ग्रामीणों की जान-माल एवं फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग ने विशेष रात्रिकालीन गश्ती अभियान शुरू करने की तैयारी की है। इसके तहत 22 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक हाथी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए नौ अधिकारियों को अलग-अलग तिथियों में नोडल अधिकारी एवं दल प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

WhatsApp

वनमंडलाधिकारी, सामान्य वनमंडल डिंडौरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में वन क्षेत्रों से लगे वनग्रामों और राजस्व ग्रामों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। गश्ती दलों को हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ग्रामीणों को जागरूक करने और संभावित खतरे से समय रहते आगाह करने की जिम्मेदारी दी गई है। वन विभाग का उद्देश्य हाथियों और ग्रामीणों के बीच टकराव की स्थिति निर्मित होने से रोकना तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

Advertisement

– मुनादी कर ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी हाथियों की सूचना

हाथियों की मौजूदगी और उनके विचरण की जानकारी ग्रामीणों तक समय पर पहुंचाने के लिए वन कर्मचारियों एवं कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कराई जाएगी। इसके जरिए ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों की जान-माल, फसलों, वन्यप्राणियों और लोक संपत्ति की सुरक्षा के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp

– नौ अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

विशेष निगरानी अभियान के लिए सौरभ दुबे, हीरालाल सनोडिया, अजेन्द्र सिंह, नीरज पाण्डे, शैलेन्द्र तिवारी, सुरेन्द्र सिंह जाटव, सुनील कुमार अशोक, कौशाम्बी झा एवं हर्षित सक्सेना को अलग-अलग तिथियों में नोडल अधिकारी (दल प्रभारी) नियुक्त किया गया है। इनके साथ वनपाल, वनरक्षक एवं अन्य मैदानी कर्मचारियों की भी ड्यूटी निर्धारित की गई है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और रात्रिकालीन गश्ती सुनिश्चित की जा सके।

– प्रशासन और पंचायतों से समन्वय, रोजाना देनी होगी रिपोर्ट

आदेश में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को स्थानीय प्रशासन, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों के साथ सतत संपर्क और समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। गश्ती के दौरान की गई कार्रवाई की प्रतिदिन निर्धारित प्रपत्र में रिपोर्ट प्रस्तुत करना भी अनिवार्य किया गया है।

इसके अलावा अधिकारियों को हाथियों से संबंधित दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित एसओपी का भलीभांति अध्ययन कर उसके अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मौके पर की गई कार्रवाई के प्रमाण स्वरूप फोटो और वीडियो क्लिप तैयार कर वनमंडलाधिकारी को मोबाइल नंबर 9424792600 पर व्हाट्सएप के माध्यम से नियमित रूप से अवगत कराना होगा।

मेहंदवानी क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी के बीच वन विभाग की यह विशेष व्यवस्था ग्रामीणों की सुरक्षा और मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब अभियान के दौरान वन विभाग की निगरानी, मैदानी अमले की सक्रियता और प्रशासनिक समन्वय की भूमिका अहम होगी।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment