– नर्मदा डेम घाट पर एक साथ जले 21 हजार दीप, जनभागीदारी से रोशन हुआ जिलेभर का माहौल
डिंडौरी न्यूज । सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार शाम 7 बजे डिंडौरी जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिलेभर में जनभागीदारी के साथ लगभग 5 लाख 3 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी के माध्यम से सेवा, सहभागिता और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। हितग्राही परिवारों के घरों से लेकर प्रमुख धार्मिक, आध्यात्मिक, सार्वजनिक एवं विकास से जुड़े स्थलों तक दीप जलाए गए।
जिला मुख्यालय स्थित नर्मदा डेम घाट पर कार्यक्रम का विशेष आकर्षण देखने को मिला, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से करीब 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। हजारों दीपों से सजा नर्मदा तट आकर्षण का केंद्र बन गया। दीपों की रोशनी के बीच श्रद्धा, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का वातावरण नजर आया।
– हितग्राही परिवारों से विकास के प्रमुख स्थलों तक जले दीप
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास कॉलोनियों, अमृत सरोवर एवं अन्य जल संरचनाओं, प्रमुख चौराहों, नव-निर्मित अधोसंरचनाओं, जन-औषधि केंद्रों, आयुष्मान अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायत भवनों एवं सामुदायिक केंद्रों सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में निर्धारित संख्या में दीप जलाकर जनभागीदारी के माध्यम से ‘सेवा से संकल्प, जनभागीदारी से विकास’ का संदेश दिया गया। हितग्राही परिवारों के घरों में जलाए गए दीपों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से मिले लाभ और उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को भी प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया।
– जनभागीदारी बनी आयोजन की खास पहचान
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। गांवों, नगरीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाने से जिले का वातावरण रोशनी से जगमगा उठा। करीब 5 लाख 3 हजार दीपों का प्रज्ज्वलन सेवा, संकल्प, सकारात्मकता और सामाजिक एकजुटता की भावना का प्रतीक बना।
नर्मदा डेम घाट पर सजे हजारों दीपों ने सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी की तस्वीर प्रस्तुत की। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को आमजन से जोड़ने तथा शासन की सेवाओं और विकास कार्यों के प्रति सहभागिता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
– जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, एमपीआरडीसी प्रमुख सचिव भरत यादव, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ज्योति प्रकाश धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से डिंडौरी जिले में सेवा, सहभागिता और विकास को लेकर सामूहिक संकल्प की रोशनी दिखाई दी।
