– स्वामित्व योजना में पहली रजिस्ट्री संपादित, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ; रक्तदान शिविर के जरिए दिया मानवता की सेवा का संदेश
डिंडौरी न्यूज । जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान का गुरुवार को ग्राम पंचायत हिनौता से शुभारंभ किया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में ‘सेवा संकल्प यात्रा’ पहुंचकर ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देगी। अभियान के दौरान छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

– गांव-गांव पहुंचेंगे अधिकारी, योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
सेवा संकल्प यात्रा के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों द्वारा जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य शासन की सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ एवं सहायता राशि का वितरण भी किया गया। जनजागरण स्व-सहायता समूह हिनौता एवं मां रेवा स्व-सहायता समूह को 3 लाख रुपए की सीसीएल राशि प्रदान की गई। वहीं लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत श्रीमती चन्द्रिमा परस्ते को प्रमाण पत्र, श्रीमती यशोदा बाई को 2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि, पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत श्री उमाकांत श्रीवास को 1 लाख रुपए तथा मत्स्य विभाग के अंतर्गत नर्मदा मत्स्योद्योग सहकारी मर्यादित, घानामार को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 50 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई।

– स्वामित्व योजना में पहली रजिस्ट्री संपादित
सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर स्वामित्व योजना के अंतर्गत पहली रजिस्ट्री भी संपादित की गई। ग्राम हिनौता, तहसील डिंडौरी निवासी श्री मो. पीर खान पिता श्री हाफिज के खसरा नंबर 97 में 121 वर्गमीटर रकबे पर निर्मित मकान की स्वामित्व संबंधी रजिस्ट्री की गई। इस प्रक्रिया के माध्यम से हितग्राही को अपनी संपत्ति के स्वामित्व का विधिवत अभिलेख प्राप्त हुआ।
– रक्तदान से दिया मानवता की सेवा का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, डिंडौरी में विशाल रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जा रहा है। शिविर में अधिकारी-कर्मचारी, युवा और आम नागरिक स्वैच्छिक रक्तदान कर सहभागिता निभा रहे हैं। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग दिया जा रहा है। साथ ही नागरिकों को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
– योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन का दायित्व : भरत यादव
कार्यक्रम में एमपीआरडीसी के प्रमुख सचिव एवं आईएएस श्री भरत यादव ने कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना शासन-प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने कहा कि डिंडौरी जिला शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर प्रगति कर रहा है। बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शासन द्वारा विभिन्न स्तरों पर आवश्यक सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक अभियान चलाकर ऐसे हितग्राहियों को चिन्हित किया जाएगा, जो किसी कारणवश योजनाओं के लाभ से अब तक नहीं जुड़ पाए हैं।
– कोई पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे : कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी कारणवश कोई पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित रह गया है तो उसे शिविरों के माध्यम से चिन्हित कर संबंधित योजना से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ज्योति प्रकाश धुर्वे, जनपद अध्यक्ष आशा धुर्वे, कीर्ति गुप्ता,मंडल अध्यक्ष आशीष वैश्य,सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
