– सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा में प्रतिमा बागरी के अधिकारियों को निर्देश, निर्माण कार्यों में लापरवाही पर ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई के दिए निर्देश
डिंडौरी न्यूज । राज्यमंत्री एवं नगरीय विकास एवं आवास विभाग तथा डिंडौरी जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने बुधवार को कलेक्टर सभाकक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सेवा संकल्प अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
– सेवा संकल्प अभियान पर विशेष जोर
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं का लाभ समय-सीमा में दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जमीनी स्तर पर योजनाओं की स्थिति की निगरानी करने तथा प्राप्त प्रकरणों के निराकरण में तत्परता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की बात कही।
– निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सख्ती
प्रभारी मंत्री ने जिले में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यों की गुणवत्ता निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित करने के साथ निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और समय पर पूर्णता पर ध्यान दिया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। आवश्यकता होने पर ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए, ताकि शासकीय राशि से संचालित विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।
– अधिकारियों की मौजूदगी में हुई समीक्षा
बैठक में जिले में शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। प्रभारी मंत्री ने विभागवार कार्यों की स्थिति पर ध्यान देते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
