– दूरस्थ क्षेत्र में प्रशासन की पहुंच: 55 लोगों की बीपी-शुगर जांच, 62 की सिकल सेल, 10 की मलेरिया और 5 लोगों की टीबी जांच
डिंडौरी न्यूज । विकासखंड अमरपुर के दूरस्थ ग्राम पंचायत चारपानी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्री जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मैदानी अमले ने पहुंचकर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों की सहभागिता रही।
– विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से किया संवाद
शिविर के दौरान एसडीएम रामबाबू देवांगन एवं जनपद पंचायत अमरपुर के सीईओ लोकेश नारन्यौरे सहित अधिकारियों ने प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला चारपानी का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए सामान्य ज्ञान तथा भविष्य में शिक्षा के अवसरों से संबंधित जानकारी साझा की। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन भी किया। अधिकारियों ने भोजन तैयार करने वाले समूह को विद्यार्थियों के लिए पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार करने के निर्देश दिए।
– आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण, पोषण व्यवस्था की ली जानकारी
अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्र निघौरी-2 एवं मनौरी का भी निरीक्षण किया। यहां बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई तथा संबंधित अमले को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और पोषण व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
– निर्माण कार्यों को 15 दिन में पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान ग्राम चारपानी में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन तथा ग्राम मनौरी में ग्राम पंचायत भवन के अतिरिक्त कक्ष का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने दोनों निर्माण कार्यों को 15 दिवस के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वहीं बैगा बस्ती का निरीक्षण कर वहां सीसी रोड निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
– पेयजल समस्या के समाधान के लिए चार स्थानों पर लगेंगी पानी की टंकियां
चारपानी में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान को लेकर भी अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए गांव में चार स्थानों पर 2-2 हजार लीटर क्षमता की पानी की टंकियां स्थापित करने तथा कुएं में मोटर लगाकर टंकियों के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश सरपंच एवं सहायक यंत्री, पीएचई को दिए गए। इससे ग्रामीणों को पेयजल उपलब्धता में राहत मिलने की उम्मीद है।
– शिविर में मौके पर हुई विभिन्न सेवाएं
प्री जन विश्वास शिविर में राजस्व विभाग द्वारा किसानों की फार्मर रजिस्ट्री एवं ई-केवायसी का कार्य किया गया। पंचायत विभाग द्वारा चार व्यक्तियों का संबल पंजीयन एवं समग्र ई-केवायसी कराया गया। वहीं ग्रामीणों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026 की जानकारी देते हुए निर्धारित समय-सीमा में रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया गया।
– स्वास्थ्य जांच में सामने आई बड़ी सहभागिता
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कुल 55 लोगों की बीपी एवं शुगर जांच की गई। इसके अलावा 10 लोगों की मलेरिया, 5 लोगों की टीबी तथा 62 लोगों की सिकल सेल एनीमिया की जांच की गई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। बीएमओ डॉ. मरकाम एवं उनकी टीम ने शिविर में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
– दूरस्थ गांवों तक पहुंच रही प्रशासनिक सेवाएं
शिविर में चारपानी के साथ निघौरी एवं मनौरी के पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित अन्य मैदानी अमला मौजूद रहा। विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिली। दूरस्थ क्षेत्र में आयोजित शिविर के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं को मौके पर समझने और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का प्रयास किया।
