—Advertisement—

छात्रावास के पास दिनदहाड़े चाकू चला, दसवीं का छात्र लहूलुहान

एडीटर: Chetram Rajpoot September 6, 2026

—Advertisement—

स्कूल से हॉस्टल जा रहे छात्र को रास्ते में रोककर हमला करने का आरोप, तीन छात्र बाइक से फरार; सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

समनापुर। समनापुर कस्बे में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास के पास कक्षा दसवीं के छात्र सतीश मरावी पर चाकू से हमला कर दिया गया। छात्र के पेट में चाकू लगने से वह घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर बताए जा रहे तीन छात्र मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। घायल छात्र को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समनापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल डिंडोरी रेफर किया गया।

– लंच टाइम में वारदात, रास्ते में रोककर हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे लंच के समय सतीश स्कूल से छात्रावास की ओर जा रहा था। इसी दौरान बीईओ कार्यालय के पीछे मोटरसाइकिल सवार तीन छात्रों ने उसे रास्ते में रोक लिया। किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार छात्रों में से एक ने चाकू निकालकर सतीश के पेट पर वार कर दिया।

चाकू लगते ही छात्र घायल हो गया। वारदात के बाद तीनों छात्र बाइक से फरार हो गए। आसपास के लोगों और विद्यार्थियों को जानकारी मिलने पर घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

– आरोपी कौन, विवाद की वजह क्या? पुलिस जांच में खुलेगा राज

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कथित रूप से हमला करने वाला छात्र कक्षा 11वीं में पढ़ता है। हालांकि हमला किस वजह से हुआ और विवाद की शुरुआत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार बताए जा रहे तीनों छात्रों की तलाश की जा रही है।

– छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल

सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्कूल और छात्रावास के आसपास दिनदहाड़े एक छात्र पर चाकू से हमला कैसे हो गया? छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में घटना के बाद भय और चिंता का माहौल है। अभिभावकों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था होना जरूरी है।

घटना के समय छात्रावास अधीक्षक बम्हनी में मुख्यमंत्री योजना से संबंधित रथयात्रा कार्यक्रम में मौजूद थे। सूचना मिलते ही वे समनापुर पहुंचे और घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।

– छात्र सुरक्षा को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग

दिनदहाड़े हुई इस घटना ने स्कूल और छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि यदि छात्रावास के आसपास ही विद्यार्थी सुरक्षित नहीं हैं तो सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है। वहीं पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था और चाकू से हमला करने वाले छात्र कौन थे। फिलहाल सतीश का जिला अस्पताल डिंडोरी में उपचार जारी है। पुलिस फरार छात्रों की तलाश में जुटी है।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment