—Advertisement—

कुकर्रामठ में हर्षोल्लास से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने बांधा समां

एडीटर: Chetram Rajpoot September 4, 2026

—Advertisement—

समनापुर। विकासखंड समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकर्रा मठ में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे गांव में धार्मिक माहौल नजर आया। ग्रामीणों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर भजन-कीर्तन में सहभागिता की और धर्म लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर विशेष रूप से युवा वर्ग द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की लीलाओं से प्रेरित मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मटकी फोड़ने के लिए युवाओं ने सामूहिक प्रयास करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का जीवंत प्रदर्शन किया।

मटकी फोड़ प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एकत्रित हुए। जैसे-जैसे प्रतियोगिता आगे बढ़ी, ग्रामीणों का उत्साह भी बढ़ता गया। आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

जनपद सदस्य राहुल पांडे ने बताया कि ग्रामवासियों ने आपसी सहभागिता और सहयोग से भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन के साथ युवाओं के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेता प्रतिभागी को पुरस्कार प्रदान कर उसका उत्साहवर्धन किया गया।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीणों को एकजुट करने के साथ ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों की बड़ी सहभागिता रही और पूरा कुकर्रा मठ भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment