– राहत आयुक्त ने कलेक्टर को भेजा वायरलेस संदेश, 3 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक सतर्क रहने के निर्देश
डिंडौरी। मध्यप्रदेश में लगातार सक्रिय मौसम प्रणाली के बीच कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए राहत आयुक्त, मध्यप्रदेश भोपाल ने जिला कलेक्टरों को वायरलेस संदेश जारी कर सतर्क किया है। जारी संदेश में डिंडौरी समेत कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
राहत आयुक्त कार्यालय भोपाल से 2 सितंबर 2026 को जारी वायरलेस संदेश के अनुसार डिंडौरी जिले में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक भारी वर्षा होने की संभावना है। यह चेतावनी 3 सितंबर की सुबह 8:30 बजे तक प्रभावी बताई गई है। मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन को आवश्यक सावधानी बरतने और स्थानीय स्तर पर निगरानी बनाए रखने की जरूरत है।
कई जिलों के लिए अलग-अलग स्तर की चेतावनी
जारी वायरलेस संदेश में प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए बारिश की तीव्रता के अनुसार चेतावनी जारी की गई है। रीवा जिले में 204.4 मिलीमीटर से अधिक अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं सीधी, मऊगंज, सतना, कटनी, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर और मैहर जिलों में 115.6 से 204.4 मिलीमीटर तक बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सिंगरौली, अनूपपुर, उमरिया, डिंडौरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, दमोह, सागर और टीकमगढ़ जिलों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।
आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से भी खतरा
बारिश के साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में ग्रामीण और मैदानी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
प्रशासन के लिए जारी इस संदेश की प्रति पुलिस वायरलेस स्टेशन, भदभदा रोड भोपाल को भी तत्काल प्रसारण के लिए भेजी गई है। मौसम की चेतावनी के मद्देनजर डिंडौरी जिले में नदी-नालों, निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
