—Advertisement—

नवोदय विद्यालय धमनगांव में टीबी जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए लक्षण, बचाव और उपचार के उपाय

एडीटर: Chetram Rajpoot August 9, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय धमनगांव, डिण्डौरी में तपेदिक (टीबी) के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसके उन्मूलन के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स सहित विद्यार्थियों और स्टाफ ने सहभागिता करते हुए टीबी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम का आयोजन यूनिट-4 एमपी सीटीआर, एनसीसी जबलपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सिद्धार्थ सुर्वे के संरक्षण, एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल अमृता सिंह के मार्गदर्शन तथा विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अलका विश्वकर्मा के नेतृत्व में किया गया।

– समय पर जांच और नियमित उपचार से पूरी तरह ठीक हो सकती है टीबी

कार्यक्रम में जिला अस्पताल डिण्डौरी के मुख्य तपेदिक अधिकारी डॉ. मनोज उरैती ने विद्यार्थियों को टीबी के लक्षण, संक्रमण से बचाव, जांच एवं उपचार की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी एक उपचार योग्य बीमारी है। यदि बीमारी की समय पर पहचान कर जांच एवं उपचार शुरू किया जाए और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवाओं का नियमित सेवन किया जाए, तो टीबी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को टीबी के संभावित लक्षणों के प्रति सजग रहने तथा लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही टीबी से जुड़े भ्रम और भ्रांतियों को दूर करते हुए बीमारी के प्रति सकारात्मक एवं जागरूक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया।

– एनसीसी कैडेट्स ने पूछे सवाल, विशेषज्ञों ने किया समाधान

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने टीबी के लक्षण, इसके फैलने के कारण, बचाव के तरीके, जांच और उपचार से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समाज में भी टीबी को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को टीबी की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें जागरूकता के वाहक के रूप में तैयार करना भी रहा, ताकि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों तक बीमारी से बचाव एवं समय पर उपचार का संदेश पहुंचा सकें।

– अधिकारियों और विद्यालय स्टाफ की रही सहभागिता

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम समन्वयक आनंद मोहरे एवं वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक छत्र विजय संयाम भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) चीफ ऑफिसर अनुपमा पी. सुंदरम ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय की स्टाफ सदस्य श्रीमती संचिता बनर्जी, श्रीमती सुनीता गुप्ता, के.एल. महोबिया, डी.के. सोनकर सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि टीबी के उन्मूलन के लिए जागरूकता, समय पर जांच, नियमित उपचार और समाज की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment