– महिला अपराधों की रोकथाम, कानूनी अधिकारों और आत्मरक्षा को लेकर छात्राओं को किया जागरूक
डिंडौरी न्यूज । पुलिस अधीक्षक डिंडौरी के कुशल निर्देशन में बुधवार को मेकलसुता कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) महाकौशल द्वारा ‘त्वं ही दुर्गा’ थीम पर विशेष युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। कोतवाली थाना, महिला थाना एवं अजाक थाना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ उन्हें सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा।
सम्मेलन में पुलिस अधिकारियों एवं वक्ताओं ने छात्राओं से संवाद करते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण अभियानों और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इस दौरान ऑपरेशन एहसास, आत्मरक्षार्थ स्वयं सिद्धा, एकीकृत जागरूकता, सम्मान सृजन एवं अभिमन्यु अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, अपराध या उत्पीड़न का सामना होने पर घबराने के बजाय तत्काल संबंधित हेल्पलाइन एवं पुलिस की सहायता लेना चाहिए।
साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
कार्यक्रम में वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए छात्राओं को विशेष रूप से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, साइबर फ्रॉड तथा सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की गई। साथ ही साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
इसके अलावा छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
सैकड़ों छात्राओं ने की सहभागिता
युवती सम्मेलन में शासकीय चंद्र विजय महाविद्यालय डिंडोरी, मेकलसुता महाविद्यालय, पैरामेडिकल कॉलेज एवं शासकीय हाई स्कूल की सैकड़ों छात्राओं ने सहभागिता की। महाविद्यालयीन स्टॉफ एवं संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार के अपराध या असहज स्थिति को छिपाने के बजाय परिवार, शिक्षकों अथवा पुलिस से साझा करने तथा स्वयं और अन्य महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित छात्राओं ने महिला सुरक्षा, आत्मसम्मान एवं जागरूकता का संकल्प लिया। ‘त्वं ही दुर्गा’ थीम के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि महिलाएं स्वयं को कमजोर न समझें, बल्कि अपने अधिकारों, आत्मविश्वास और जागरूकता के साथ हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहें।
