– भारतीय किसान संघ ने सौंपा ज्ञापन, प्रशस्ति-पत्र देकर किसानों के हित में किए गए कार्यों की सराहना; बीज, धान उपार्जन, उर्वरक, बिजली, सिंचाई और पशुपालन सहित कई मुद्दे उठाए
डिंडौरी न्यूज। भारतीय किसान संघ, जिला डिंडौरी ने बुधवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया को किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित 19 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर संघ ने किसानों और आमजन के हित में किए गए प्रशासनिक सुधारों, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कलेक्टर को प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
संघ द्वारा दिए गए प्रशस्ति-पत्र में उल्लेख किया गया कि कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के कार्यकाल में प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार, विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। इन प्रयासों से जिले के किसानों को लाभ मिला है तथा प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। भारतीय किसान संघ ने उनके जनहितैषी कार्यों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
सम्मान के उपरांत संघ के पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए 19 बिंदुओं वाला विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए विभिन्न विभागों से जुड़ी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कृषि विभाग से विकासखंड कार्यालयों में बीज वितरण की रेट सूची एवं योजनाओं की जानकारी सार्वजनिक करने, धान उपार्जन की सीमा 22 क्विंटल प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर 40 क्विंटल करने तथा मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
संघ ने यह भी मांग की कि किसानों को समय पर मृदा परीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, अधिकारियों द्वारा किसानों की शिकायतों पर फोन रिसीव कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा कृषि कार्यों के लिए आवश्यक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे। उद्यानिकी विभाग से केंचुआ खाद के स्थायी डंपों की संख्या बढ़ाने एवं पावर टिलर वितरण के लक्ष्य में वृद्धि की मांग की गई।
पशुपालन विभाग से दुधारू पशुओं का चिन्हांकन एवं पशु बीमा योजना को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग की गई। वहीं सहकारिता विभाग के अंतर्गत नवीन लैम्पसों के लिए पृथक कार्यालय खोलने का प्रस्ताव भी ज्ञापन में शामिल रहा।
भारतीय किसान संघ ने जिले में शासकीय भूमि, नाला, नदी, तालाब, झिरिया स्रोत एवं गौचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी उठाई। साथ ही बिलगड़ा बांध में सुरक्षा की दृष्टि से हूटर (सायरन) लगाए जाने, बांध तक पक्की सड़क निर्माण तथा समनापुर उप तहसील भवन को शीघ्र संचालित किए जाने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।
ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अवैध बिजली कटौती पर रोक लगाने, शहपुरा में प्रस्तावित 132 केवी विद्युत सब स्टेशन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा पशु चिकित्सा विभाग की संजीवनी 1962 मोबाइल पशु चिकित्सा सेवा को तत्काल सुचारु रूप से संचालित करने की मांग दोहराई गई। संघ का कहना है कि डीजल उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर किसानों को यह सेवा नहीं मिल पा रही है, जिससे पशुपालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा जिले की गल्ला मंडी की सभी दुकानों में मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने तथा कृषि उपज मंडी कार्यालय के लिए नवीन भवन निर्माण कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
भारतीय किसान संघ ने कलेक्टर से आग्रह किया कि किसानों से जुड़े सभी 19 बिंदुओं पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, ताकि किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष बिहारी लाल साहू, जिला उपाध्यक्ष जगदीश साहू, भानसिंह मरकाम, जिला कोषाध्यक्ष विवेकानंद साहू, जिला जैविक प्रमुख तरुण परस्ते, जिला विपणन प्रमुख खिलपत गौतम, सदस्य खूबचंद साहू, डिंडौरी तहसील अध्यक्ष खमोद चंदेल, रमेश्वर गौतम, बजाग तहसील अध्यक्ष आशाराम यादव, प्रेम सिंह धुर्वे, मटरू दादा, धनसिंह दादा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।







