– पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की मौजूदगी में मंच से सरकार पर साधा निशाना,
– कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई तीखी नोकझोंक, पुलिस ने संभाला मोर्चा
डिंडौरी न्यूज। जिले के करंजिया मुख्यालय में महाविद्यालय के दोबारा लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उस समय राजनीतिक माहौल गर्मा गया, जब कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम मंच से ही सरकार पर जमकर बरस पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस महाविद्यालय का लोकार्पण पहले प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में उनके द्वारा किया जा चुका था, उसी भवन का दोबारा लोकार्पण कर सरकार विकास कार्यों का राजनीतिकरण कर रही है और विपक्ष के जनप्रतिनिधियों की लगातार उपेक्षा की जा रही है।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और महाविद्यालय का फीता काटकर लोकार्पण किया। इसी दौरान अपने संबोधन में विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन प्रदेश में विपक्ष के विधायकों को विकास कार्यों से दूर रखकर उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले जिन कार्यों का उद्घाटन और लोकार्पण विधिवत हो चुका है, उन्हीं का दोबारा आयोजन कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक के इस बयान के बाद कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह राजनीतिक हो गया। मंच के सामने मौजूद कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और नोकझोंक शुरू हो गई। कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद कार्यक्रम पुनः सामान्य रूप से आगे बढ़ा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ओमकार मरकाम का संबोधन और उनके आरोपों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद जिले में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस इसे विपक्ष की अनदेखी और विकास कार्यों के राजनीतिकरण का उदाहरण बता रही है, जबकि भाजपा समर्थक इसे केवल राजनीतिक बयानबाजी करार दे रहे हैं।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जिले की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर दोनों प्रमुख दलों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।












