—Advertisement—

तेज रफ्तार कार का कहर: मेहमानी में आई महिला की मौके पर मौत, भाग रही कार को ग्रामीणों ने दबोचा

एडीटर: Chetram Rajpoot July 30, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी। जिले के घानाघाट क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों का माहौल मातम में बदल दिया। मेहमानी में अपनी बेटी के ससुराल आई एक महिला की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता और साहस के चलते उसे समनापुर तिराहा के पास पकड़ लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनुवासागर निवासी मीरा बाई, पत्नी स्वर्गीय झल्लू सिंह, अपनी बेटी के ससुराल घानाघाट क्षेत्र में मेहमानी के लिए आई थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार कार ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए कार का पीछा किया और समनापुर तिराहा के पास वाहन को रोककर चालक को पकड़ लिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई प्रारंभ की। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं धनुवासागर एवं आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में प्रभावी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment