—Advertisement—

Dindori Crime News: महिला का शव घर में मिला, पति फरार: बेटी ने खोला ताला तो बिस्तर के नीचे मिला शव, हत्या की आशंका

एडीटर: Chetram Rajpoot July 29, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी। जिले के बिछिया पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम कुटरई में बुधवार को एक महिला का शव उसके ही घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब विवाहित बेटी अपनी मां से मिलने पहुंची और अपनी चाबी से घर का ताला खोलकर अंदर गई। कमरे में बिस्तर के नीचे मां का शव पड़ा देख उसके होश उड़ गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि मृतका का पति घटना के बाद से लापता है और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान कला बाई परस्ते (45 वर्ष) निवासी ग्राम कुटरई के रूप में हुई है। उनका पति कपूर परस्ते जबलपुर में रिक्शा चलाने का काम करता है। कला बाई भी मजदूरी के सिलसिले में अक्सर जबलपुर आती-जाती थीं। उनकी बेटी जानकी परस्ते का विवाह मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र के घाटा गांव में हुआ है। घर की एक चाबी कला बाई के पास रहती थी, जबकि दूसरी चाबी उनकी बेटी के पास थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कला बाई शनिवार को जबलपुर से गांव लौटी थीं। पुलिस को आशंका है कि मंगलवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी पति ने कथित तौर पर पत्थर से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने घर के बाहर ताला लगाया और फरार हो गया।

बुधवार सुबह जब जानकी अपनी मां से मिलने गांव पहुंची तो घर के बाहर ताला लगा मिला। पड़ोसियों से पूछने पर पता चला कि कला बाई मंगलवार से दिखाई नहीं दी थीं और कपूर परस्ते भी गांव में मौजूद नहीं था। संदेह होने पर जानकी ने अपनी चाबी से ताला खोला। अंदर पहुंचते ही उसने बिस्तर के नीचे मां का शव पड़ा देखा। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई।

घटना की सूचना मिलते ही बिछिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी राजेश धर दुबे ने बताया कि मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी पति की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दिनदहाड़े सामने आए इस हत्याकांड से कुटरई गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment