– रतलाम, अनूपपुर, शहडोल, खरगोन, मंदसौर और आगर मालवा में नए कलेक्टरों की नियुक्ति, देर रात जारी हुआ आदेश
भोपाल । मध्यप्रदेश में मुख्य सचिव के विदाई के तत्काल बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए राज्य शासन ने देर रात 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए। नवागत मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल के हस्ताक्षर से जारी आदेश में 6 जिलों के कलेक्टरों सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभागीय प्रभार में बदलाव किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार रतलाम, अनूपपुर, शहडोल, खरगोन, मंदसौर और आगर मालवा जिलों में नए कलेक्टरों की पदस्थापना की गई है। प्रशासनिक दृष्टि से इसे प्रदेश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक सर्जरी माना जा रहा है।




आदेश के मुताबिक अजय कटेसरिया को रतलाम का कलेक्टर बनाया गया है, जबकि रत्नाकर झा को अनूपपुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुश्री मीशा सिंह को शहडोल, गुरु प्रसाद को खरगोन, दिव्यांक सिंह को मंदसौर तथा डॉ. शेर सिंह मीना को आगर मालवा का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठ स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। आईएएस सचिन सिन्हा को अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है। राघवेंद्र कुमार सिंह को प्रमुख सचिव, वन विभाग का दायित्व सौंपा गया है, जबकि संदीप यादव को प्रमुख सचिव, जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी मिली है। जॉन किंग्सली ए.आर. को सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसी क्रम में डॉ. सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव बनाया गया है। भास्कर लाक्षाकार को इंदौर संभाग का आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं कुमार पुरुषोत्तम को अपर सचिव, मुख्यमंत्री एवं प्रबंध संचालक कृषि विपणन बोर्ड का दायित्व सौंपा गया है।
इसके अलावा कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार में भी बदलाव किया गया है। आदेश के अनुसार ऊर्जा, नर्मदा घाटी विकास, पर्यावरण, तकनीकी शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है।
राज्य शासन का यह फैसला प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।







