डिंडौरी न्यूज । जिले में चलाए जा रहे “नशा मुक्ति अभियान 2.0” के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय में विशाल मानव श्रृंखला एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में हाथ डालकर विशाल मानव श्रृंखला बनाते हुए “नशामुक्त डिंडौरी” और “नशामुक्त भारत” का संदेश दिया। इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों पर जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने नशा विरोधी नारे लगाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने भावपूर्ण अपील करते हुए कहा कि नशा हर बुराई की जड़ है, जो व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने नागरिकों से नशे से दूर रहने, अपने परिवार को सुरक्षित रखने तथा स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान 2.0 केवल जनजागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना और विशेष रूप से युवाओं को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशे की लत से बचाने के लिए जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। इस दौरान “नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें”, “नशामुक्त डिंडौरी” और “नशामुक्त भारत” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा, जिससे अभियान को जनसमर्थन और उत्साहपूर्ण सहभागिता मिली।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, थाना प्रभारी यातायात, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, पुलिस विभाग एवं सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, उत्कृष्ट विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारी उपस्थित रहे।









