– ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए किया जाएगा जागरूक
डिंडौरी। शहपुरा-मेहंदवानी ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत जल जीवन मिशन (जल निगम) द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ जल संरक्षण और जल के सदुपयोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार 14 जुलाई 2026 को व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ हुई।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) ऐश्वर्या वर्मा एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) गणेश पांडेय ने संयुक्त रूप से जल जीवन मिशन (जल निगम) के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल के माध्यम से सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल पहुंचाना ही नहीं है, बल्कि लोगों में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के प्रति जागरूकता विकसित करना भी है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रचार रथ शहपुरा एवं मेहंदवानी विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण करेगा। इस दौरान ऑडियो-वीडियो संदेश, जनसंवाद, पंपलेट एवं अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से ग्रामीणों को जल जीवन मिशन की योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पानी की बचत, जल गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता अपनाने तथा ग्राम स्तर पर गठित पानी समितियों की भूमिका के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में एसक्यूसी (SQC) से एमसीएम संतोष यादव, विकाश यादव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित विभागों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा जल निगम एवं कार्यान्वयन संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अधिकारियों ने ग्रामीणों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, जल स्रोतों की सुरक्षा करने तथा पेयजल योजनाओं के संरक्षण एवं रखरखाव में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में ब्लॉक समन्वयक परदेशी झारिया, तीरथ झारिया एवं राजन साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










