– 100 से अधिक आशा कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण
डिंडौरी । विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंजिया में माहवारी स्वच्छता जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रणाम नर्मदा युवा संघ द्वारा संचालित “मिशन निरोग नारी” अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें करंजिया विकासखंड की 100 से अधिक आशा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओं को माहवारी संबंधी वैज्ञानिक तथ्यों, स्वच्छता उपायों और महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति प्रशिक्षित करना था, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं एवं किशोरियों को सही जानकारी देकर माहवारी से जुड़े अंधविश्वासों, भ्रांतियों और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

– महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण में आशा कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रणाम नर्मदा युवा संघ के अध्यक्ष डॉ. विकास चंदेल ने कहा कि माहवारी महिलाओं के जीवन की एक स्वाभाविक जैविक प्रक्रिया है, लेकिन आज भी समाज के कई हिस्सों में इसे लेकर संकोच, मिथक और गलत धारणाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं और महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण तथा जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सही जानकारी और सकारात्मक संवाद के माध्यम से माहवारी को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को समाप्त किया जा सकता है तथा महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाया जा सकता है।
– वैज्ञानिक दृष्टिकोण से दी गई माहवारी स्वास्थ्य की जानकारी
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की परामर्शदाता सुनंदा वर्मन ने माहवारी की वैज्ञानिक प्रक्रिया, किशोरियों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता के महत्व और माहवारी के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माहवारी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने से संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर किशोरियों और महिलाओं को माहवारी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें तथा इस विषय पर खुलकर संवाद स्थापित करें।

– स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का आह्वान
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि खंड कार्यक्रम प्रबंधक प्रमोद चौकसे एवं ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर राम प्रकाश मरावी ने भी आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं तक स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
– छह वर्षों से संचालित है मिशन निरोग नारी
प्रणाम नर्मदा युवा संघ द्वारा संचालित मिशन निरोग नारी अभियान पिछले छह वर्षों से महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य, माहवारी स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में विभिन्न प्रशिक्षण, कार्यशालाएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
संस्था द्वारा माहवारी स्वच्छता को बढ़ावा देने, महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अंधविश्वासों एवं सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें सशक्त बनाना है।
– नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम का समापन माहवारी स्वच्छता जागरूकता विषय पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के साथ हुआ। नाटक के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित आशा कार्यकर्ताओं ने सराहा।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष डॉ. विकास चंदेल, कार्यकारी सदस्य माखन सिंह धुर्वे, जैकी यादव, नर्मदा प्रसाद सहित संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं संस्था के इंटर्न एवं स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।









