– स्टाफ नर्सों और महिला गार्ड की सतर्कता से टली बड़ी दुर्घटना, कलेक्टर ने राष्ट्रीय पर्व पर सम्मानित करने के दिए निर्देश
डिंडौरी न्यूज । जिला चिकित्सालय डिंडौरी के लेबर वार्ड में गुरुवार शाम लगभग 5 बजे विद्युत पावर स्विच में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक धुआं फैलने लगा, जिससे वार्ड में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लेबर वार्ड में ड्यूटी कर रहीं स्टाफ नर्स सुश्री काजल जागेला एवं सुश्री सिमरन कुशवाहा ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल विद्युत स्विच ऑफ किया और आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला गार्ड सुश्री ललित मरावी ने पास में लगे अग्निशमन यंत्र का उपयोग करते हुए आग पर तत्काल नियंत्रण पा लिया। कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई के चलते अस्पताल में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया करीब 10 मिनट के भीतर जिला चिकित्सालय पहुंचीं और मौके का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी ली तथा क्षतिग्रस्त विद्युत सर्किट की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा तत्काल नया सर्किट स्थापित कर विद्युत व्यवस्था को पुनः सुचारू किया गया, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. रमेश मरावी, विद्युत अधिकारी श्री आर. बघेल, एसडीएम डिंडोरी श्री रामबाबू देवांगन, जनसंपर्क अधिकारी, नगर पालिका अधिकारी श्री अमित तिवारी सहित चिकित्सालय का स्टाफ एवं चिकित्सक मौजूद रहे। कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने स्टाफ नर्सों एवं महिला गार्ड की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता, सूझबूझ एवं साहस के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई। उन्होंने तीनों महिला कर्मचारियों को आगामी राष्ट्रीय पर्व पर सम्मानित किए जाने के निर्देश भी दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय के अन्य वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी मरीजों को समय पर उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा ऋतु को देखते हुए अस्पताल परिसर के सभी विद्युत सर्किटों की जांच एवं आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।










