– 5 करोड़ की बैगा परियोजना में गड़बड़ी पर कार्रवाई के आदेश, अधिकारियों में मचा हड़कंप
डिंडौरी। नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्यमंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले की विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और विभागीय गतिविधियों की व्यापक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा से हुई, जिसमें विभिन्न विभागों की प्रगति और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, विद्युत, कृषि, खाद्य, पुलिस, नर्मदा घाटी प्राधिकरण, राष्ट्रीय सड़क प्राधिकरण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगर परिषद डिंडौरी एवं शहपुरा सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने जल संसाधन विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए राधोपुर, बसनिया एवं बिजौरा जलाशय सहित अन्य परियोजनाओं में किसानों के लिए सिंचाई सुविधा बढ़ाने हेतु नहर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बजट प्रस्ताव भेजने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित पोषण आहार वितरण एवं आंगनवाड़ी केंद्रों से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से चर्चा की गई। वहीं अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावासों, आश्रमों एवं शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों से जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने जल संसाधन विभाग एवं राष्ट्रीय सड़क प्राधिकरण के अधिकारियों के समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ताहीनता और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान एनआरएलएम विभाग द्वारा बैगा परियोजना में लगभग पांच करोड़ रुपए की राशि के उपयोग की समीक्षा भी की गई। समीक्षा में अनियमितता पाए जाने पर प्रभारी मंत्री ने तत्कालीन एनआरएलएम प्रबंधक, ब्लॉक समन्वयक तथा संबंधित लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर परिषद डिंडौरी और शहपुरा में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक अंतर्गत आठ वर्षों बाद भी अपूर्ण पड़े आवासों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।
नर्मदा घाटी प्राधिकरण को राधोपुर बांध निर्माण से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए ताकि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जा सके। इसके अलावा नर्मदा नदी किनारे संचालित मांसाहार दुकानों को हटाने के संबंध में की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं एकलव्य विद्यालयों एवं छात्रावासों में रोटी मेकर मशीन वितरण से संबंधित शिकायतों पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को जांच के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी प्रस्तुत की गई तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में विधायक डिंडौरी ओमकार मरकाम, विधायक शहपुरा ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, जनपद अध्यक्ष आशा सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष सुनीता सारस सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









