– सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन
डिंडौरी। बढ़ती महंगाई और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने डिंडौरी में जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए ‘हल्ला बोल’ अभियान चलाया। सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए तीखी नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “महंगी गैस, महंगा तेल – फेल हुआ सरकार का खेल”, “कमर्शियल सिलेंडर के दाम कम करो” जैसे नारे लगाए। पूरे शहर में गूंजती आवाज़ों के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार पर आम जनता और छोटे कारोबारियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

– कारोबारियों पर महंगाई की मार
वक्ताओं ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी ने छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। होटल संचालक, ढाबा मालिक, रेहड़ी-पटरी व्यवसायी और कैटरिंग से जुड़े लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। गैस की कीमतें बढ़ने से उनका खर्च बढ़ गया है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि “चुल्हा जलाना हुआ दुश्वार, सो रही है यह सरकार” जैसे हालात बन गए हैं।
– सड़क पर उतरा जन-आक्रोश
यह प्रदर्शन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि आम दुकानदारों और छोटे व्यापारियों की पीड़ा का प्रतीक बनकर सामने आया। प्रदर्शनकारियों ने घंटों तक सड़क पर खड़े होकर सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ विरोध जताया और इसे आम जनता के हितों के खिलाफ बताया।
– बिना ज्ञापन, सड़कों पर संघर्ष
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष एडवोकेट निर्मल कुमार साहू ने कहा कि इस बार पार्टी ने पारंपरिक ज्ञापन देने की प्रक्रिया से अलग हटकर सीधे सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया है। उनका कहना था कि “अंधी-बहरी सरकार को जगाने के लिए अब कागजी कार्यवाही नहीं, बल्कि जनआंदोलन जरूरी है।”
उग्र आंदोलन की चेतावनी
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कमर्शियल गैस सिलेंडरों के बढ़े हुए दाम जल्द वापस नहीं लिए गए, तो आम आदमी पार्टी डिंडौरी जिले में व्यापक और उग्र आंदोलन छेड़ेगी।
“बहुत हुई महंगाई की मार, बस करो यह अत्याचार” के नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने अपने आंदोलन को और तेज करने का संकेत दिया।
– बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव सोहन तेकाम, प्रदेश एसटी विंग उपाध्यक्ष झनकलाल तेकाम, जिलाध्यक्ष एडवोकेट निर्मल कुमार साहू, ओबीसी विंग जिलाध्यक्ष घनश्याम कुशवाहा, एजुकेशन विंग जिलाध्यक्ष देवेंद्र साहू, संयुक्त सचिव काशीराम झारिया, अनीष साहू, हरीश सोनवानी, महिला विंग संगठन मंत्री कौशेल्या नेताम, उपाध्यक्ष एडवोकेट विनय झारिया, संगठन मंत्री देवी प्रसाद साहू, जिला सचिव प्रहलाद परस्ते, सोशल मीडिया प्रमुख शारदा नामदेव, हरीश दुबे, विधानसभा शहपुरा अध्यक्ष दिलीप झारिया, प्रवक्ता आकाश साहू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












