– योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर के सख्त निर्देश
डिंडौरी न्यूज। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण को जिम्मेदारी के साथ निराकरण करें ताकि संबंधित को लाभ मिल सके और जिन विभागों के द्वारा सीएम हेल्पलाइन अटैंड नहीं किया गया उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिन विभागों में हितग्राही बार-बार सीएम हेल्पलाइन लगा रहे हैं उन विभागों के अधिकारियों पर कार्यवाही की जाएगी। पशुपालन विभाग के अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन के निराकरण में लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
समय सीमा के बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के द्वारा आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान व्ही.सी. में अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम आवास, जनमन आवास, धरती आबा, ईकेवायसी, शिक्षा विभाग के द्वारा छात्र-छात्राओं का नामांकन समय पर 30 अप्रैल के पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही साथ परिवहन विभाग, खनिज विभाग, आबकारी विभाग को अवैध परिवहन, अवैध मादक पदार्थ एवं अवैध उत्खनन की गतिविधियों पर विशेष ध्यान देते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी खाद्य को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले में 12 गेंहू उपार्जन केन्द्र संचालित हैं जहां पर गर्मी को देखते हुए सभी केन्द्रों पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल व्यवस्था, छायादार, भुने हुए चने किसान के लिए डिहाइड्रेशन से बचाव हेतु रखना है प्राथमिक उपचार हेतु फर्स्ट एड बॉक्स की व्यवस्था की जाए। वहीं पर परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि उपार्जन केन्द्र, सब्जी मंडी में टेªक्टर ट्रॉली एवं अन्य वाहनों का आवागमन बना रहता है जिस पर रेडियम की पट्टी लगाकर दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी डीपीसी, सहायक आयुक्त निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों में सभी छात्र-छात्राओं के प्रवेश शत प्रतिशत 30 अप्रैल के पूर्व पूर्ण कर लिए जाएं और पात्र छात्र-छात्राओं को उपलब्ध साइकिलों को निःशुल्क जनप्रतिनिधियों के माध्यम से वितरण की जाएं।
समस्त अधिकारियों को कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए की न्यायलीन प्रकरण का जबाव दावा समय पर प्रस्तुत करें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारी कर्मचारी पर कार्यवाही की जाएगी।
आरईएस विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए की जिले में कोई भी नदी-नाला, तालाब, कुआं, नहर पर पानी के संचय हेतु गेट लगा दिए गये है। वर्तमान में कोई भी स्थान अछुता नहीं है जिसका प्रमाण पत्र कार्यालय में प्रस्तुत करें।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए की आंगनवाडी, विद्यालय, शासकीय भवनों एवं सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने घरों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग लगायें और पाइपलाइन जमीन के अंदर छोडे और गढढे में रेत भरें ताकि घर का पानी जमीन में जाये और वाटर लेवल बना रहे। जिससे गांव का पानी गांव में और शहर का पानी शहर में बना रहे। सभी अधिकारी कर्मचारी अपने घर के पास खडे होकर जिओ टैग फोटो ले और कार्यालय में जमा करें। इस प्रकार के संरक्षण से आने वाली पीढी को पानी से राहत मिलेगी।
नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिए की डिंडौरी और शहपुरा क्षैत्र के डिवाईडरों को स्वच्छ रखा जाए और किसी भी प्रकार के बैनर न लगाया जाएं जिससे दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। कलेक्टर ने सभी अधिकारी कर्मचारियों को निर्देश दिए की जनगणना 2027 का कार्य शुरू होने जा रहा है इसे भी एसआईआर की तरह जिम्मेदारी के साथ अपनाकर समय सीमा में करना है। किसी भी अधिकारी कर्मचारी को छुटटी नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रमों की तिथियां भी घोषित की गईं 28 अप्रैल 2026 को डिंडौरी, 7 मई 2026 को शहपुरा तथा 14 मई 2026 को अमरपुर में आयोजन किया जाएगा। पात्र हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेजों सहित सामाजिक न्याय विभाग से संपर्क कर योजना का लाभ लेने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्री पंकज जैन, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री राजेन्द्र कुमार जाटव, सहित समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।










