– जिले में IMA की नई कार्यकारणी गठित,स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया बल
डिंडौरी न्यूज। जिले के चिकित्सा क्षेत्र के लिए एक अहम और सकारात्मक पहल के रूप में शनिवार शाम मिड वे ट्रीट में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की डिंडौरी शाखा का विधिवत गठन किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर जिले भर के एमबीबीएस चिकित्सकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे आयोजन में उत्साह और एकजुटता का माहौल देखने को मिला।
करीब एक सदी से अधिक के गौरवशाली इतिहास वाली इंडियन मेडिकल एसोसिएशन देश की सबसे प्रतिष्ठित चिकित्सकीय संस्थाओं में शुमार है। संगठन का मुख्य उद्देश्य चिकित्सकों को एक साझा मंच प्रदान करना, उनके पेशेवर हितों की रक्षा करना और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में समन्वय स्थापित करना है। ऐसे में डिंडौरी में इसकी शाखा का गठन जिले के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें डॉ. अरुणेंद्र मूर्ति गौतम को जिला अध्यक्ष, डॉ. सुरेश मरावी को जिला सचिव, तथा डॉ. धनराज को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों को उपस्थित चिकित्सकों ने बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जबलपुर से आई IMA की वरिष्ठ टीम ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसमें डॉ. सुनील भेल (वाइस प्रेसिडेंट), डॉ. पुष्पराज भटेले (प्रेसिडेंट इलेक्ट), डॉ. दीपक साहू (सेक्रेटरी), डॉ. संजीव वरकड़े (स्टेट ज्वाइंट सेक्रेटरी), मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद जैन एवं डॉ. राकेश पाठक शामिल रहे।
वहीं जिले से सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडे सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक—डॉ. नन्हे सिंह ठाकुर, डॉ. देवेंद्र मरकाम, डॉ. रमेश मरावी, डॉ. अजय राज, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, डॉ. अमित जैन, डॉ. कुशराम, डॉ. सतेंद्र परस्ते, डॉ. कमलेश राज, डॉ. जयश्री, डॉ. नीतू एवं डॉ. दानवीर—कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों ने IMA के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह मंच न केवल डॉक्टरों के अधिकारों और हितों की रक्षा करेगा, बल्कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और समन्वय को भी नई दिशा देगा।
डिंडौरी में IMA की शुरुआत को चिकित्सा क्षेत्र के लिए एक नई उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है, जो आने वाले समय में मरीजों और डॉक्टरों दोनों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है।
Dindori Today News
Dindori Live News












