होम राज्य मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़़ क्राइम न्यूज इंटरनेशनल न्यूज कोर्ट न्यूज राजनीति संसदीय संपादकीय अर्थ जगत हेल्थ शिक्षा खेल विज्ञान

शिक्षा में उत्कृष्टता का सम्मान: डिंडौरी कलेक्टर ने राज्य व जिला टॉपरों को दिए 10-10 हजार रुपये

akvlive.in

Published

– 10वीं-12वीं में राज्य मेरिट में बनाई जगह, डिंडौरी के छात्रों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

डिंडौरी न्यूज। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों में जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। परिणामों की घोषणा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल से की गई।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कक्षा 10वीं की परीक्षा 78 केन्द्रों पर आयोजित हुई, जिसमें 8383 नियमित एवं 1279 स्वाध्यायी छात्र शामिल हुए। इनमें 4756 छात्र प्रथम श्रेणी, 2164 द्वितीय श्रेणी एवं 23 छात्र तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जबकि 1342 विद्यार्थी द्वितीय परीक्षा में शामिल होंगे।

वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षा 65 केन्द्रों पर आयोजित हुई, जिसमें 6099 नियमित एवं 1257 स्वाध्यायी छात्र सम्मिलित हुए। परिणाम में 3769 छात्र प्रथम श्रेणी, 1526 द्वितीय श्रेणी एवं 3 छात्र तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जबकि 800 विद्यार्थी द्वितीय परीक्षा में शामिल होंगे।

घोषित परिणामों के अनुसार कक्षा 10वीं में जिले का परीक्षा परिणाम 83.8 प्रतिशत एवं कक्षा 12वीं में 86.87 प्रतिशत रहा। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर डिंडौरी जिले ने राज्य स्तर पर कक्षा 10वीं में 9वां एवं कक्षा 12वीं में 8वां स्थान प्राप्त किया है, जो जिले के लिए गौरव का विषय है।

राज्य मेरिट सूची में भी जिले के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कक्षा 10वीं में कुमारी मालती पाराशर ने 500 में 490 अंक (98 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रदेश में 10वां स्थान अर्जित किया। वहीं कक्षा 12वीं में ध्रुव कुमार साहू ने 500 में 485 अंक (97 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रदेश में 8वां स्थान हासिल करते हुए जिले का नाम रोशन किया।

जिला मेरिट सूची में भी विद्यार्थियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। कक्षा 10वीं में भुवनेश्वरी ठाकुर (शासकीय संदिपनी हाई स्कूल, खुड़िया), रघुनंदन ठाकुर (शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, समनापुर) एवं ऊर्जा अग्रवाल (नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव) ने स्थान बनाया। वहीं कक्षा 12वीं में रूपेश यादव, शिवाली साहू, तनुश्री साहू, सरस्वती पारासर, झिलमिल मरावी, ललित मशराम, सैयद मंतशा कौसर, अमलेशवरी धुर्वे एवं कौशल्या राजपूत जिला मेरिट सूची में शामिल रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं विद्यालय प्राचार्यों को कलेक्टर निवास पर आमंत्रित कर सम्मानित किया। उन्हें पुष्पगुच्छ एवं मिठाई भेंट कर बधाई दी गई तथा प्रत्येक विद्यार्थी को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर ने पूर्व में विद्यालय भ्रमण के दौरान घोषणा की थी कि राज्य एवं जिला स्तर पर प्रवीण सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जिसे उन्होंने अब पूरा किया।

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र डिंडौरी के विद्यार्थियों द्वारा प्रदेश स्तर पर टॉप-10 में स्थान प्राप्त करना अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष परीक्षा परिणामों में सुधार हुआ है, जिसमें हाई स्कूल में 1.89 प्रतिशत तथा हायर सेकेंडरी में लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर परिश्रम करने का संदेश दिया।

मेधावी छात्र ध्रुव कुमार साहू ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन और अनुशासन से यह संभव हुआ है। वहीं छात्रा मालती पाराशर ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार और शिक्षकों के सहयोग से उन्हें यह सफलता मिली है और वे आगे भी अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मेहनत जारी रखेंगी।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री राजेन्द्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते, जनसंपर्क अधिकारी श्री चेतराम अहिरवार, प्राचार्य, शिक्षक, बच्चों के अभिवावक, सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..