डिंडौरी न्यूज। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों में डिंडौरी जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल से परिणामों की घोषणा के साथ ही जिले में खुशी की लहर दौड़ गई।
जिले के परीक्षा परिणाम इस वर्ष उल्लेखनीय रहे। कक्षा 10वीं में 83.8 प्रतिशत तथा कक्षा 12वीं में 86.87 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया। इस शानदार प्रदर्शन के चलते डिंडौरी जिले ने प्रदेश में 10वीं में 9वां एवं 12वीं में 8वां स्थान हासिल किया, जो जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

राज्य मेरिट सूची में भी जिले के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कक्षा 10वीं में कुमारी मालती पाराशर ने 98 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 12वीं में ध्रुव कुमार साहू ने 97 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में 8वां स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
जिला मेरिट सूची में भी विद्यार्थियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा, जिसमें कई छात्र-छात्राओं ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को कलेक्टर निवास पर सम्मानित किया। सभी विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
कलेक्टर ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के बावजूद डिंडौरी के विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तर पर टॉप-10 में स्थान बनाकर यह साबित किया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। उन्होंने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











