– ग्राम रोजगार सहायकों का सामूहिक अवकाश, हड़ताल की चेतावनी
डिंडौरी न्यूज | जनपद पंचायत डिंडौरी के अंतर्गत कार्यरत ग्राम रोजगार सहायकों ने लंबे समय से लंबित मानदेय भुगतान को लेकर बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। ग्राम रोजगार सहायक संगठन डिंडोरी द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत डिंडौरी को दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले चार माह से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ, जिससे कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम रोजगार सहायक शासन की विभिन्न योजनाओं का जमीनी स्तर पर निरंतर क्रियान्वयन करते हैं, लेकिन समय पर मानदेय नहीं मिलने के कारण वे अपने परिवार का भरण-पोषण तक करने में असमर्थ हो रहे हैं। बच्चों की स्कूल फीस, परिवहन खर्च और दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करना भी उनके लिए चुनौती बन गया है।
स्थिति से आक्रोशित होकर संगठन ने निर्णय लिया है कि 13 अप्रैल से 18 अप्रैल 2026 तक सभी ग्राम रोजगार सहायक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इस दौरान वे मानदेय भुगतान का इंतजार करेंगे। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि 18 अप्रैल तक भुगतान नहीं हुआ, तो सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
गौरतलब है कि ग्राम रोजगार सहायक ग्रामीण विकास योजनाओं, विशेष रूप से मनरेगा जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके सामूहिक अवकाश पर जाने से योजनाओं के संचालन पर असर पड़ सकता है।











