—Advertisement—

होम /

न नियमों की परवाह, न मजदूरों की:1.94 लाख जॉब कार्डधारी परेशान,विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने दी आंदोलन की चेतावनी

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot February 9, 2026

—Advertisement—

– राष्ट्रपति–राज्यपाल के नाम ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

डिंडौरी न्यूज । महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत लंबित मजदूरी भुगतान और पर्याप्त रोजगार नहीं मिलने को लेकर डिंडौरी जिले में मजदूरों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में मजदूर हितों की आवाज उठाते हुए कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम द्वारा महामहिम राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम एडीएम डिंडौरी को ज्ञापन सौंपा गया है।

ज्ञापन में बताया गया है कि मनरेगा नियमों के अनुसार मजदूरों को कार्य करने के 15 दिवस के भीतर मजदूरी भुगतान किया जाना अनिवार्य है, लेकिन डिंडौरी जिले में नवंबर 2025 से अब तक हजारों मजदूरों को उनकी मेहनत की मजदूरी नहीं मिली है। इससे गरीब मजदूर परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

– विकासखंडवार लंबित मजदूरी का विवरण

ज्ञापन के अनुसार डिंडौरी जिले में मनरेगा के तहत कुल 4227.74 लाख रुपये (42 करोड़ 27 लाख 74 हजार रुपये) की मजदूरी राशि लंबित है। विकासखंडवार स्थिति इस प्रकार है—

अमरपुर – 510.91 लाख

बजाग – 485.29 लाख

डिंडौरी – 1136.06 लाख

करंजिया – 324.32 लाख

मेहंदवानी – 621.08 लाख

समनापुर – 613.04 लाख

शहपुरा – 536.79 लाख

जलसंसाधन विभाग – 0.25 लाख

ज्ञापन में उल्लेख है कि मजदूरी समय पर नहीं मिलने से मजदूरों की आजीविका पर संकट उत्पन्न हो गया है। वर्तमान में जिले में मेला-मड़ई के कार्यक्रम चल रहे हैं और 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि का बड़ा पर्व भी है, लेकिन मजदूरी न मिलने के कारण गरीब मजदूर परिवार इन आयोजनों में शामिल नहीं हो पा रहे हैं।

– 100 दिवस रोजगार का नियम भी अधूरा

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि डिंडौरी जिले में वर्तमान में 1,94,024 सक्रिय जॉब कार्ड हैं। मनरेगा अधिनियम के अनुसार प्रत्येक वित्तीय वर्ष (1 अप्रैल से 31 मार्च) में हर जॉब कार्डधारी को 100 दिवस का रोजगार मिलना चाहिए, लेकिन अब तक केवल 2372 जॉब कार्डधारियों को ही 100 दिन का काम मिला है। काम की कमी के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीणों को मजबूरी में पलायन करना पड़ रहा है।

– कांग्रेस विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि मजदूरों की लंबित मजदूरी का शीघ्र भुगतान कराया जाए और प्रत्येक जॉब कार्डधारी को 100 दिवस का रोजगार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि 12 फरवरी 2026 तक मजदूरी भुगतान नहीं किया गया, तो मजदूर हित में 13 फरवरी 2026 को डिंडौरी जिला मुख्यालय में आंदोलन-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का पुतला दहन भी किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

मनरेगा मजदूरों की इस चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है और अब सबकी नजरें शासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई ।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment