डिंडौरी न्यूज । जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे किनारे स्थित जोगी टिकरिया गांव के सिद्ध टेकरी में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब निर्माणाधीन बाल हनुमान मंदिर की अस्थाई पानी टंकी में एक अज्ञात अधेड़ महिला का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया गया है। पुलिस मृतिका की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिद्ध टेकरी में जन सहयोग से बाल हनुमान मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान पानी की व्यवस्था के लिए एक अस्थाई पानी टंकी बनाई गई थी। पिछले तीन-चार दिनों से निर्माण कार्य बंद था। रविवार सुबह करीब छह बजे मंदिर के पुजारी पवन दास त्यागी जब पानी लेने के लिए टंकी के पास पहुंचे, तो उन्होंने टंकी के भीतर महिला का शव देखा।
पुजारी पवन दास त्यागी ने तत्काल आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने ओमकारनाथ के साथ शाहपुर थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
शाहपुर थाने के सब इंस्पेक्टर निरंजन सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर पंचनामा तैयार कर लिया गया है तथा मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। फिलहाल मृतिका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। महिला की उम्र अधेड़ प्रतीत हो रही है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और पहचान के लिए प्रयास जारी हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।








