होम राज्य मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़़ क्राइम न्यूज इंटरनेशनल न्यूज कोर्ट न्यूज राजनीति संसदीय संपादकीय अर्थ जगत हेल्थ शिक्षा खेल विज्ञान

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कन्या शिक्षा परिसर बजाग में कार्यक्रम आयोजित

akvlive.in

Published

डिंडौरी न्यूज। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिले के कन्या शिक्षा परिसर, बजाग में भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, जनपद सदस्य लोकेश पटेरिया, सरपंच रामरतन सैयाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्याम सिंगौर, परियोजना अधिकारी श्रीमती पुष्पलता मरावी, बीआरसी गौतम, तहसीलदार, कन्या शिक्षा परिसर बजाग के प्राचार्य बलवीर मरावी सहित जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी, जनपद अध्यक्ष, जनपद सदस्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के समस्त पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

     कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन तथा कन्या पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात बालिकाओं द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह गान, लोकनृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियाँ दी गईं।

– बालिकाओं की प्रतिभा का सराहनीय प्रदर्शन

    बालिका दिवस के अवसर पर छात्राओं द्वारा रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बालिकाओं ने बालिका शिक्षा, सशक्तिकरण, समान अधिकार एवं आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किए।

     कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन द्वारा बालिकाओं के हित में अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिले में 50 हजार बालिकाओं को एनीमिया से मुक्त करने के उद्देश्य से डॉक्टरों की टीम द्वारा एनीमिया जांच कराई गई है। जिन बालिकाओं का हीमोग्लोबिन 11 एचबी से कम पाया गया है, उन्हें कार्ड के आधार पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित उपचार एवं आयरन की गोलियाँ प्रदान की जाएँगी, जिससे वे स्वस्थ रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।

उन्होंने कहा कि समय के अनुसार आगे बढ़ने वाला व्यक्ति ही अपने जीवन का लक्ष्य प्राप्त करता है। कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग कक्षाएँ जिला स्तर पर संचालित की जा रही हैं, जिससे छात्राएँ आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें। उन्होंने सभी छात्राओं को आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।

    विधायक  ओमकार सिंह मरकाम ने संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाएँ समाज की शक्ति और राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब नारी को अवसर मिला है, उसने अपनी प्रतिभा और साहस से समाज को नई दिशा दी है। रानी दुर्गावती इसका श्रेष्ठ उदाहरण हैं, जिन्होंने अपने परिवार और राज्य की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपना सबसे मजबूत हथियार बनाएं और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने बालिकाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।, तभी भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा।

     जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, विज्ञान एवं मेधावी छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर योजनाओं के माध्यम से प्रयास कर रहा है। आज बेटियाँ हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं।

– उत्कृष्ट बालिकाओं का सम्मान

     इस अवसर पर जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने बालिकाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।

       कार्यक्रम के अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बाल विवाह पर आधारित नाटक का मंचन भी किया गया, जिसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका एवं 21 वर्ष से कम आयु के युवक का विवाह कानूनन अपराध है।

       कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा समाज में सकारात्मक सोच का विकास करना रहा। कार्यक्रम का समापन “आज की बालिका, कल का सशक्त भारत” के संदेश के साथ किया गया।

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..