डिंडौरी। जिले में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की नियमित एवं सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कलेक्टर के आदेशानुसार कलेक्टर कार्यालय (खाद्य शाखा) द्वारा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है, जो जिले में ईंधन आपूर्ति की स्थिति पर लगातार निगरानी रखेंगे।
जारी आदेश के अनुसार आयुक्त खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, भोपाल के निर्देशों के पालन में यह व्यवस्था लागू की गई है। इसका उद्देश्य जिले के उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
कंट्रोल रूम में सहायक आपूर्ति अधिकारी अनु विभाग बजाग शेख शमीम खान, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी जनपद डिंडौरी आकाश तुरकर, कंप्यूटर ऑपरेटर (खाद्य) जनपद डिंडौरी उदयचंद मरावी तथा पास मॉनिटरिंग सेल (PMC) के कंप्यूटर ऑपरेटर श्री शुभम तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी एवं कर्मचारी संबंधित आयल कंपनियों के अधिकारियों, गैस एजेंसियों तथा पेट्रोल पंप संचालकों से समन्वय स्थापित कर जिले में ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
कंट्रोल रूम के माध्यम से गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंपों में उपलब्ध दैनिक स्टॉक की जानकारी एकत्रित की जाएगी और किसी भी प्रकार की कमी अथवा समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित विभागों से संपर्क कर उसका निराकरण कराया जाएगा। साथ ही कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का पृथक रूप से पंजी संधारित कर निरंतर निगरानी रखी जाएगी।








