—Advertisement—

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर डिंडौरी में वर्कशॉप सम्पन्न

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot September 11, 2025

—Advertisement—

डिंडौरी। 23 सितंबर 2025 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (National Deworming Day) कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के क्षेत्रीय समन्वयक श्री राजबल्लभ ठाकुर ने ब्लॉक डिंडौरी के सभी प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को ओरिएंटेशन प्रदान किया।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 23 सितंबर को 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं किशोरों को तथा 20 से 49 वर्ष की महिलाओं को कृमिनाशक गोली एलबेंडाजोल खिलाई जाएगी। वहीं 26 सितंबर को मॉप-अप डे पर उन हितग्राहियों को दवा दी जाएगी, जो 23 सितंबर को किसी कारणवश वंचित रह जाएंगे। गर्भवती एवं धात्री माताओं को इस अभियान से अलग रखा गया है।

इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग की संयुक्त भागीदारी रहेगी। जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में कृमिनाशक दवा का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार, एलबेंडाजोल की खुराक से बच्चों के पेट में पनप रहे कृमि नष्ट होते हैं, जिससे एनीमिया की समस्या को कम किया जा सकता है। एनीमिया न केवल बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि उनके मानसिक और बौद्धिक विकास में भी बाधक बनता है।

वर्कशॉप में मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राज, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर दिगंबर सिंह बिलागर और ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने शिक्षकों और कार्यकर्ताओं से इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment