डिंडौरी न्यूज। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्माणाधीन आयुष आरोग्य केन्द्रों एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र देवलगढ़, चौबीसा तथा कलगीटोला का निरीक्षण कर भवन निर्माण की गुणवत्ता का परीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मापदण्डों के अनुसार एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री से समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
उप स्वास्थ्य केन्द्र देवलगढ़ में कलेक्टर ने केन्द्र की संचालक एवं सीएचओ सुश्री प्रतीक्षा हरदा से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के संबंध में विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में उपलब्ध दवाइयों का निरीक्षण करते हुए उनकी एक्सपायरी डेट की भी जांच की तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी चिकित्सक से विभिन्न रजिस्टरों का परीक्षण कर ग्राम में उपचार हेतु आने वाले मरीजों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्राम स्तर पर एनीमिया एवं सिकल सेल जांच, आधार लिंकिंग तथा ई-केवाईसी का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को उप स्वास्थ्य केन्द्र चौबीसा में शीघ्र पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों एवं स्टाफ को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।








