डिंडौरी न्यूज। कलेक्टर श्रीमती अंजू भदौरिया के निर्देशन एवं अभिहित अधिकारी डॉ. मनोज पांडेय के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों, मिष्ठान भंडारों एवं होटलों पर होली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए निरंतर निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। मुख्यालय खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती प्रभा सिंह टेकाम ने जानकारी देते हुए बताया कि डिंडौरी जिले में आसपास के जिलों से निर्मित मिठाइयों, दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की सप्लाई की जाती है, जिसके मद्देनज़र विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

निरीक्षण के दौरान न्यू खेतेश्वर राजस्थान स्वीट्स में बड़ी मात्रा में चिप्स, नूडल्स एवं किशमिश के पैकेट एक्सपायरी डेट के पाए गए जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया तथा संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार हेतु धारा 13(2) के अंतर्गत नोटिस जारी की गई। इसी क्रम में गाड़ासरई स्थित गुरु कृपा चाय कॉफी सेंटर एवं स्वीट्स तथा ए-1 बेकरी का निरीक्षण किया गया, जहां एक्सपायरी डेट के नमकीन, डोनट्स एवं ब्रेड जप्त कर नष्ट कराए गए।
जय मां अंबे किराना स्टोर से भी एक्सपायरी डेट के टोस्ट एवं पापड़ जप्त कर नष्ट किए गए तथा काजू कतली, घी, पनीर बादाम बर्फी एवं खाद्य तेल के नमूने संग्रहित किए गए।
इसी क्रम में शहपुरा क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों में भी निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की गई। शिव की रसोई होटल से खोवे की बर्फी एवं लड्डू के नमूने लिए गए, जबकि पटेल दूध डेरी से मिक्स मिल्क तथा जोधपुर मिष्ठान भंडार से मलाई चाप एवं नमकीन के नमूने संग्रहित किए गए।
मुख्यालय खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच उपरांत यदि नमूने अवमानक पाए जाते हैं तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम 2011 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्यौहार को ध्यान में रखते हुए आगामी दिनों में भी यह सघन जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।







