—Advertisement—

समनापुर पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया अंधे कत्ल का राज :जादू-टोना के शक में हुई महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार 

एडीटर: Chetram Rajpoot August 19, 2025

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज। पुलिस अधीक्षक कार्यालय डिंडौरी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने चौकसी और तत्परता का परिचय देते हुए 24 घंटे के भीतर महिला की हत्या का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है ।

घटना दिनांक 16 अगस्त 2025 की है, जब चौकी अमरपुर अंतर्गत ग्राम जलेगांव में 55 वर्षीय महिला सावित्री बाई परस्ते की हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही थाना समनापुर और अमरपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतका का शव घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में मिला, पास ही एक लोहे की बरछी भी पाई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डिंडौरी श्रीमती वाहनी सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा एवं एसडीओपी बजाग विवेक गौतम के निर्देशन में एफएसएल टीम बालाघाट को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण एवं वीडियोग्राफी कराई गई।

जांच के दौरान मृतका की पुत्री और ग्रामीणों से पूछताछ कर संदेह के आधार पर आरोपी दद्दू उर्फ राधे (24 वर्ष), निवासी जलेगांव को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने आपसी रंजिश और मृतका पर जादू-टोना करने के संदेह के चलते धारदार हथियार से हत्या करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 332(a) BNS के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

इस पूरे प्रकरण के सफल अन्वेषण और त्वरित कार्रवाई में एसडीओपी बजाग विवेक गौतम, थाना प्रभारी समनापुर निरीक्षक हरिशंकर तिवारी, उपनिरीक्षक पारस यादव, चौकी प्रभारी अमरपुर सउनि अतुल हरदाहा, सउनि रामरतन झारिया, प्रधान आरक्षक गंगा यादव एवं आरक्षक अजीत धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए उनकी तत्परता और प्रोफेशनलिज्म की प्रशंसा की।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment