—Advertisement—

Dindori Today News: डिंडौरी जिले के वासु दुबे और देव कुमार दुबे बने यूपीएससी CAPF 2024 के सितारे, देशभर में जिले का नाम किया रोशन

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot June 15, 2025

—Advertisement—

शहपुरा/ डिंडौरी न्यूज। जिले के शहपुरा जनपद मुख्यालय के दो सपूतों ने अपने परिश्रम और संकल्प से जिले और प्रदेश का मान बढ़ा दिया है। रिटायर्ड फौजी सुरेश कुमार दुबे और स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ अर्चना दुबे के पुत्र वासु दुबे और देव कुमार दुबे ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा 2024 में शानदार सफलता अर्जित की है।

वासु दुबे ने ऑल इंडिया रैंक 248 और देव कुमार दुबे ने ऑल इंडिया रैंक 331 प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। देशभर में चयनित 459 अभ्यर्थियों में दोनों भाइयों का नाम शामिल होना पूरे डिंडोरी और शहपुरा क्षेत्र के लिए गर्व की बात बन गया है। इस उपलब्धि के बाद शहपुरा नगर में उत्सव जैसा माहौल है और परिजन व शुभचिंतक मिठाइयां बांटकर खुशियां मना रहे हैं।

हर चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन

वासु और देव दोनों ने लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा, मेडिकल परीक्षण और साक्षात्कार जैसे हर चरण में बेहतरीन प्रदर्शन कर सफलता का परचम लहराया। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई है।

देश सेवा का जज्बा और युवाओं को संदेश

दोनों भाइयों ने कहा कि वे देश की सेवा और सुरक्षा को अपना कर्तव्य मानते हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि “मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। चाहे कोई गांव से हो या शहर से, सच्ची लगन से सफलता अवश्य मिलती है।”

अन्य उपलब्धियां

वासु दुबे पूर्व में SSC CGL 2022 और 2023 परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं और वर्तमान में जबलपुर कमिश्नरेट में GST इंस्पेक्टर (कस्टम व सेंट्रल एक्साइज) के पद पर कार्यरत हैं। वहीं देव कुमार दुबे IBPS PO 2024 परीक्षा पास कर वर्तमान में अहमदाबाद में बैंक ऑफ बड़ौदा में बैंक मैनेजर के रूप में सेवा दे रहे हैं।

डिंडौरी जिले के इन होनहारों की सफलता पर समूचे क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment