—Advertisement—

भंडारे का पंडाल हटाने के आरोप पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने भाजपा जिलाध्यक्ष की सद्बुद्धि के लिए किया हवन

एडीटर: Chetram Rajpoot October 22, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

– विजयादशमी पर भाजपा कार्यालय के सामने भंडारा आयोजित करने को लेकर विवाद का आरोप

– मां नर्मदा के पावन तट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यज्ञ कर की सद्बुद्धि की प्रार्थना

डिंडौरी न्यूज । विजयादशमी के पावन पर्व पर भाजपा कार्यालय के सामने भंडारे के आयोजन को लेकर विवाद सामने आया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नगर के एक व्यापारी द्वारा भंडारे के लिए लगाए जा रहे टेंट को भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम के कहने पर हटवा दिया गया और भंडारा आयोजित नहीं करने दिया गया। इस मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मां नर्मदा के पावन तट पर हवन-यज्ञ का आयोजन कर भाजपा जिलाध्यक्ष की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, विजयादशमी के अवसर पर नगर के एक व्यापारी द्वारा भाजपा कार्यालय के सामने भंडारे का आयोजन किया जाना था। इसके लिए टेंट लगाकर तैयारियां की जा रही थीं। इसी दौरान कथित तौर पर भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने आयोजन को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि यहां भंडारा करने की अनुमति किसने दी है। कांग्रेस का आरोप है कि इसके बाद भंडारे के लिए लगाए गए पंडाल को हटवा दिया गया और आयोजन नहीं होने दिया गया।

– कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी स्वयं को हिंदुत्व का समर्थक और सनातन धर्म का रक्षक बताती है, लेकिन विजयादशमी जैसे धार्मिक पर्व पर भंडारे के आयोजन को रोकने का कथित मामला उसकी दोहरी मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस घटनाक्रम से भाजपा की कथनी और करनी के बीच अंतर उजागर हुआ है।

– मां नर्मदा तट पर किया हवन-यज्ञ

मामले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मां नर्मदा के पावन तट पर हवन-यज्ञ आयोजित किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धार्मिक आयोजन को लेकर सामने आए इस विवाद पर अपनी नाराजगी जताई। हवन-यज्ञ में कांग्रेस नेता शिवराज ठाकुर, संतोषी साहू, राधेलाल नागवंशी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

भंडारे के पंडाल को हटाए जाने और आयोजन नहीं होने देने को लेकर सामने आए आरोपों के बाद यह मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, घटनाक्रम के संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम का पक्ष सामने आना शेष है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment