—Advertisement—

महिला कर्मचारी से अमर्यादित बातचीत का आरोप, चाकघाट के प्रभारी CMO शंखधर पांडेय निलंबित

एडीटर: Chetram Rajpoot September 16, 2026

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की कलेक्टर ने कराई जांच, प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर कमिश्नर ने की कार्रवाई

भोपाल/रीवा। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने चाकघाट नगर परिषद के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) शंखधर पांडेय को महिला कर्मचारी से फोन पर अमर्यादित एवं अशोभनीय वार्तालाप के आरोप में निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की जांच के बाद यह कार्रवाई कलेक्टर रीवा नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।

WhatsApp

जारी निलंबन आदेश के अनुसार प्रभारी सीएमओ शंखधर पांडेय से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कार्यालय की एक महिला कर्मचारी के साथ फोन पर कथित रूप से अमर्यादित और अशोभनीय बातचीत किए जाने का मामला सामने आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रीवा द्वारा इसकी जांच कराई गई।

जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए

Advertisement

जांच के दौरान प्रभारी सीएमओ पांडेय द्वारा कार्यालय की महिला कर्मचारी से फोन पर अमर्यादित एवं अशोभनीय वार्तालाप किए जाने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच के निष्कर्षों के आधार पर कलेक्टर रीवा ने अपना प्रतिवेदन संभागीय कमिश्नर को भेजा। प्रतिवेदन के आधार पर कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने निलंबन के आदेश जारी किए।

मामले में यह भी आरोप सामने आया है कि प्रभारी सीएमओ द्वारा महिला कम्प्यूटर ऑपरेटर को घर बुलाने के लिए फोन पर बातचीत की गई थी। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर जारी आदेश में कार्रवाई का आधार महिला कर्मचारी के साथ अमर्यादित एवं अशोभनीय वार्तालाप को प्रथम दृष्टया सही पाया जाना बताया गया है।

WhatsApp

रीवा में रहेगा निलंबन अवधि का मुख्यालय

निलंबन आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि में शंखधर पांडेय का मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, रीवा का कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। कमिश्नर द्वारा यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत की गई है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद नगर परिषद चाकघाट में प्रभारी सीएमओ के पद को लेकर भी आगे की व्यवस्था किए जाने की संभावना है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment