—Advertisement—

24 घंटे में एक करोड़ की डकैती का खुलासा, 39 पुलिसकर्मी पुरस्कृत

एडीटर: Chetram Rajpoot September 13, 2026

—Advertisement—

– CCTV की मदद से 200 से अधिक स्थानों की खाक छानी, सातों आरोपी गिरफ्तार; सोना-चांदी समेत 100 फीसदी मशरूका बरामद

सिवनी। थाना बंडोल क्षेत्र के नेशनल हाईवे-44 स्थित ग्राम भोंगाखेड़ा में हुई करीब 1 करोड़ 08 लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती का सिवनी पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए डकैती में गया 100 प्रतिशत मशरूका बरामद करने में सफलता हासिल की। पुलिस की इस त्वरित एवं उल्लेखनीय कार्रवाई के लिए पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाणा तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जबलपुर जोन प्रमोद वर्मा द्वारा सिवनी पुलिस के कुल 39 अधिकारियों-कर्मचारियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 सितंबर 2026 को थाना बंडोल में अपराध क्रमांक 350/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। फरियादी योगेन्द्र बघेल निवासी लखनवाड़ा के साथ ग्राम भोंगाखेड़ा के पास अज्ञात बदमाशों ने आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश करीब 26 किलो चांदी और 320 ग्राम सोना, जिसकी कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 08 लाख रुपये थी, लूटकर फरार हो गए थे।

– 10 विशेष टीमों ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी ने तत्काल 10 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों ने घटना से जुड़े संभावित मार्गों और स्थानों के 200 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके साथ ही जबलपुर, नागपुर, कुरई, छपारा, लखनादौन सहित विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के परिणामस्वरूप महज 24 घंटे के भीतर डकैती में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से डकैती का सोना, चांदी, नकदी, घटना में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन सहित 100 प्रतिशत मशरूका बरामद किया गया।

– DGP ने छह पुलिसकर्मियों को किया पुरस्कृत

पुलिस महानिदेशक पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा 11 सितंबर 2026 को जारी आदेश के तहत छह पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को नगद पुरस्कार दिया गया। इनमें निरीक्षक सतीश तिवारी, निरीक्षक चैनसिंह उईके को 5-5 हजार रुपये, उप निरीक्षक मनोज कुमार जंघेला को 4 हजार रुपये, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र ठाकुर को 3 हजार रुपये, प्रधान आरक्षक अजय बघेल को 2 हजार रुपये तथा आरक्षक चालक पंकज शर्मा को 1 हजार रुपये का पुरस्कार शामिल है।

– ADG जबलपुर जोन ने 33 पुलिसकर्मियों को दिया इनाम

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जबलपुर जोन द्वारा 9 सितंबर 2026 को जारी आदेश के तहत सिवनी पुलिस के 33 अधिकारियों-कर्मचारियों को कुल 30 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें थाना बरघाट, कंट्रोल रूम, यातायात, आदेगांव, डीएसबी, छपारा, साइबर सेल, डूण्डासिवनी, बंडोल, कोतवाली, लखनवाड़ा, अजाक, रक्षित केंद्र तथा एसडीओपी कार्यालय में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। इस प्रकार DGP एवं ADG जबलपुर जोन के आदेशों के तहत कुल 39 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है।

– त्वरित कार्रवाई बनी सफलता की वजह

डकैती जैसी गंभीर वारदात के बाद पुलिस द्वारा तत्काल विशेष टीमों का गठन, विभिन्न जिलों में समन्वित दबिश, 200 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण और तकनीकी जांच को कार्रवाई का आधार बनाया गया। पुलिस की इसी त्वरित रणनीति के चलते आरोपियों तक पहुंचने और लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी में सफलता मिली।

पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी ने पुरस्कृत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह मेहनत, लगन और तत्परता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment