डिंडौरी न्यूज । कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास, मेंहदवानी का निरीक्षण कर छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं, खान-पान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने छात्राओं के साथ सहज वातावरण में बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने छात्राओं से उनकी शैक्षणिक प्रगति तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें नियमित रूप से अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने और निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही छात्राओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। छात्राएं अपने भीतर आत्मविश्वास विकसित करें और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी लगन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही पोषण, शिक्षा, आवास एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि छात्राओं की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। छात्रावास में स्वच्छता, भोजन, पेयजल, अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को ऐसी सुविधाएं मिलनी चाहिए, जिससे वे बिना किसी परेशानी के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें और बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।
छात्राओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। युवावस्था जीवन निर्माण का महत्वपूर्ण समय है, इसलिए छात्राओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करना चाहिए।
इस अवसर पर कलेक्टर ने छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हुए समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनें।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी छात्रावास की व्यवस्थाओं एवं छात्राओं से संबंधित आवश्यक बिंदुओं पर जानकारी ली।
