—Advertisement—

बिलगांव बांध के दो गेट 17 अगस्त को सुबह 8 बजे खुलेंगे, 13 गांवों पर असर की संभावना

एडीटर: Chetram Rajpoot August 16, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज । बिलगांव बांध के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार अधिक वर्षा होने के कारण बांध में जलस्तर बढ़ने तथा अतिरिक्त पानी की सुरक्षित निकासी के लिए 17 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे बांध के दो गेट खोले जाएंगे। दोनों गेटों को प्रारंभिक रूप से 5-5 सेंटीमीटर खोला जाएगा। इससे लगभग 4.89 क्यूमेक पानी का डिस्चार्ज होने का अनुमान है।

प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अनुसार कैचमेंट क्षेत्र में यदि वर्षा की स्थिति बनी रहती है और बांध में पानी की आवक बढ़ती है, तो जलस्तर एवं परिस्थितियों को देखते हुए दोनों गेटों को आवश्यकता के अनुसार और अधिक खोला जा सकता है। ऐसे में बांध से निकलने वाले पानी का प्रवाह बढ़ने की संभावना रहेगी।

– शहपुरा और मेंहदवानी क्षेत्र के गांव हो सकते हैं प्रभावित

बिलगांव बांध के गेट खोले जाने से बांध के जल प्रवाह क्षेत्र में आने वाले शाहपुरा विकासखंड के बिलगांव, पिपरिया, अमढेरा, बलगांव, करौंदी, इंदौरी, घुंडी सरई, डुंडी सरई, चांटी, चंडवाही एवं कारीगढ़हरी तथा मेंहदवानी विकासखंड के पिंडरई, कटराई एवं फुलवाही गांव प्रभावित हो सकते हैं।

प्रशासन द्वारा संबंधित क्षेत्रों के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। ग्रामीणों को बांध से निकलने वाले पानी के संभावित प्रवाह क्षेत्र में जाने से बचने तथा नदी-नालों एवं जलस्रोतों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी गई है।

– जल प्रवाह क्षेत्र में न जाएं, बरतें सावधानी

बांध के गेट खोले जाने के बाद जल प्रवाह क्षेत्र में अचानक पानी का स्तर बढ़ सकता है। ऐसे में ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल प्रवाह वाले क्षेत्रों में न जाएं और बच्चों तथा मवेशियों को भी ऐसे स्थानों से दूर रखें।

वहीं, कैचमेंट क्षेत्र में बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि वर्षा अधिक होती है तो बांध से पानी की निकासी बढ़ाई जा सकती है। इसलिए संबंधित गांवों के नागरिकों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की अपील की गई है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment