– पुलिस परेड मैदान में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी; देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
डिंडौरी न्यूज । देश की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ डिंडौरी जिले में हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड मैदान डिंडौरी में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे भी उनके साथ मौजूद रहे।
ध्वजारोहण के उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। इसके बाद कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
– तिरंगे के रंगों से सजा आसमान, गूंजा राष्ट्रगान
समारोह के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे आकाश में मुक्त किए। सशस्त्र बलों द्वारा हर्ष फायर किए गए तथा पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की। पूरे वातावरण में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह दिखाई दिया।
परेड कमांडर के नेतृत्व में विभिन्न सशस्त्र एवं पुलिस बलों की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। मार्च पास्ट में विशेष सशस्त्र बल 36वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल कैंप डिंडौरी, जिला पुलिस बल पुरुष प्लाटून, जिला पुलिस बल महिला प्लाटून, जिला होमगार्ड प्लाटून के साथ जूनियर एनसीसी बालक-बालिका, उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी, कस्तूरबा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की रेडक्रॉस एवं स्काउट-गाइड तथा मदर टेरेसा स्कूल के बालक-बालिका दल शामिल रहे।

– देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डिंडौरी, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी, कन्या शिक्षा परिसर डिंडौरी, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तथा कस्तूरबा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डिंडौरी के विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया।
– उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित
मुख्य समारोह के दौरान जिले में शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
– अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारा कर्तव्य : कलेक्टर
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेवासियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए हम सभी को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में जनभागीदारी को और अधिक मजबूत करते हुए जिले के विकास को नई गति प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

– जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, श्री नरेन्द्र राजपूत, श्री पंकज सिंह तेकाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरा रूद्रेश परस्ते, वनमंडलाधिकारी श्री अशोक सोलंकी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा सिंह सहित जिले के समस्त एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं विभिन्न स्थानों पर भी ध्वजारोहण और विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।










