होम राज्य मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़़ क्राइम न्यूज इंटरनेशनल न्यूज कोर्ट न्यूज राजनीति संसदीय संपादकीय अर्थ जगत हेल्थ शिक्षा खेल विज्ञान

अमरपुर से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ: 14 को अनुकंपा नियुक्ति और 48 आवेदनों का समाधान 

akvlive.in

Published

– 14 हितग्राहियों को अनुकंपा नियुक्ति प्रमाण-पत्र, टीबी मरीजों को पोषण किट और किसानों को बीज वितरण; रक्तदान शिविर में 5 लोगों ने किया रक्तदान

डिंडौरी न्यूज । आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ शुक्रवार को विकासखंड अमरपुर के ग्राम सिधौली (मोहगांव) स्थित नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर से किया गया। अभियान के तहत आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से 48 आवेदनों का मौके पर ही तत्काल निराकरण किया गया।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के नेतृत्व में अधिकारियों का दल कलेक्टर कार्यालय परिसर से बस द्वारा कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुआ। जनप्रतिनिधियों का दल भी बस से कार्यक्रम स्थल पहुंचा। इस दौरान शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, वनमंडलाधिकारी श्री अशोक सोलंकी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

– पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम स्थल पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पौधारोपण किया गया। इस दौरान लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर शिविर में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बालक आश्रम अंग्रेजी माध्यम एवं सीनियर उत्कृष्ट विद्यालय अमरपुर के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी सेवाओं की जानकारी ली।

– ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिली योजनाओं की जानकारी और सेवाएं

मुख्य कार्यक्रम स्थल पर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए थे। अतिथियों ने इन स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। विभागीय अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त करने के साथ योजनाओं से संबंधित समस्याओं का निराकरण भी किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य यही है कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं और सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए बार-बार जिला या विकासखंड कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर में कुल 48 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। जिला प्रशासन के अनुसार इसी प्रकार प्रत्येक शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे और यह अभियान 08 जनवरी 2027 तक जारी रहेगा।

– अधिकारी-कर्मचारी घर-घर पहुंचकर करें समस्याओं का निराकरण : विधायक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की जनहितैषी सोच का परिणाम है। अभियान के माध्यम से शासन और प्रशासन को सीधे आमजन के द्वार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निराकरण करें, ताकि ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से अभियान के दौरान घर-घर पहुंचकर पात्र लोगों की समस्याओं और जरूरतों को समझने तथा योजनाओं का लाभ दिलाने की बात कही।

विधायक ने कहा कि लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना अभियान की प्राथमिकता है। उन्होंने बीवी जीरामजी योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।

– शासन की योजनाओं का लाभ गांव में ही उपलब्ध कराना उद्देश्य : कलेक्टर

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि शासन की मंशा है कि नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को उनके क्षेत्र में ही शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रत्येक शुक्रवार को शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सभी विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवेदन की सुविधा और समस्याओं के निराकरण का लाभ मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।

– पुलिस अधीक्षक ने योजनाओं का लाभ लेने किया आग्रह

पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को सीधे गांवों तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर शिविर में आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

– 14 हितग्राहियों को अनुकंपा नियुक्ति प्रमाण-पत्र

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया गया। इस अवसर पर 14 हितग्राहियों को अनुकंपा नियुक्ति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मरीजों को पोषण आहार किट प्रदान की गई। कृषि विभाग द्वारा किसानों को मूंगफली बीज तथा मत्स्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को मत्स्य बीज वितरित किए गए। इसके अलावा पात्र विद्यार्थियों को साइकिलों का वितरण भी किया गया।

– संयुक्त कलेक्टर सहित 5 लोगों ने किया रक्तदान

शिविर परिसर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर में 5 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इनमें संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मरावी भी शामिल रहीं।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, विकास कार्यों की सतत समीक्षा करने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित होने वाले शिविरों से ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में प्रशासन से सीधे संवाद और समस्याओं के समाधान का अवसर मिलेगा।

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

संबंधित ख़बरें