—Advertisement—

मां नर्मदा डेम घाट से शुरू हुई नई पहल: जनता ही बताएगी समस्या का समाधान, कलेक्टर ने लगाई जन चौपाल

एडीटर: Chetram Rajpoot August 3, 2026

—Advertisement—

– वार्ड 8, 9 और 10 के नागरिकों से सीधा संवाद, समस्याओं के साथ समाधान देने की अपील; जनसहभागिता आधारित सुशासन की दिशा में अभिनव पहल

डिंडौरी न्यूज। जिले में जनसहभागिता आधारित सुशासन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सोमवार को मां नर्मदा डेम घाट पर वार्ड क्रमांक 8, 9 एवं 10 के नागरिकों के साथ जन चौपाल आयोजित की। इस अवसर पर उन्होंने “जनता ही बताएगी समस्या का समाधान” नामक नवाचार का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य केवल लोगों की समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि नागरिकों से उनके व्यावहारिक समाधान भी प्राप्त कर प्रशासन और जनता की साझेदारी से समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कहा कि अक्सर स्थानीय समस्याओं का सबसे बेहतर और व्यवहारिक समाधान उसी क्षेत्र के नागरिकों के पास होता है। इसलिए अब प्रशासन नागरिकों को केवल शिकायतकर्ता नहीं, बल्कि समाधान प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाएगा। उन्होंने कहा कि जन चौपाल के दौरान नागरिक अपनी समस्याओं के साथ-साथ उनके समाधान संबंधी सुझाव भी देंगे, जिन पर संबंधित विभागों के अधिकारी समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

कलेक्टर ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने में जनता की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। सड़क, बिजली, पेयजल, नाली, साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्रशासन और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने वार्ड के विकास के लिए सकारात्मक सुझाव देकर प्रशासन का सहयोग करें।

जन चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। लगभग 40 से 50 लोगों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। इस दौरान कई नागरिकों ने जल निकासी, सड़क सुधार, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य स्थानीय मुद्दों पर व्यावहारिक सुझाव भी दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और सुझावों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि “जनता ही बताएगी समस्या का समाधान” नवाचार को आगामी दिनों में जिले के अन्य वार्डों और क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके और प्रशासन एवं जनता के बीच विश्वास तथा संवाद को और मजबूत बनाया जा सके।

जन चौपाल में पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, संबंधित वार्डों के पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment