—Advertisement—

पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने वाला आरोपी 5 घंटे में गिरफ्तार, समनापुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

एडीटर: Chetram Rajpoot July 27, 2026

—Advertisement—

– दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय हुए विवाद में पत्थर से सिर कुचलकर की थी हत्या, विशेष पुलिस टीम ने 4–5 घंटे के सर्च अभियान के बाद आरोपी को पकड़ा

डिंडौरी न्यूज | डिंडौरी जिले की समनापुर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घने जंगल में फरार होकर छिपे आरोपी को पुलिस की विशेष टीम ने चार से पांच घंटे तक लगातार सर्च अभियान चलाकर घेराबंदी के बाद दबोच लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 8:30 बजे थाना समनापुर क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की।

जांच में मृतक की पहचान कमल सिंह मरावी के रूप में हुई। मृतक की पत्नी हिंरदिया बाई ने पुलिस को बताया कि दोनों एक दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के सुकल सिंह मरावी ने किसी बात को लेकर कमल सिंह मरावी से विवाद और धक्का-मुक्की की। कुछ देर बाद आरोपी ने तालाब के पास उसका पीछा कर पकड़ लिया और पत्थर से सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से कमल सिंह मरावी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पास के जंगल में भाग निकला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बजाग श्री विवेक कुमार गौतम के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की संभावित लोकेशन का विश्लेषण किया और घने जंगल में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। लगातार चार से पांच घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन और प्रभावी घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी सुकल सिंह मरावी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जिला जेल डिंडौरी भेज दिया गया।

इस त्वरित और सफल कार्रवाई में एसडीओपी बजाग श्री विवेक कुमार गौतम, थाना प्रभारी समनापुर निरीक्षक हरिशंकर तिवारी, उप निरीक्षक लक्ष्मीप्रसाद पुष्पकार, सहायक उप निरीक्षक संतोष यादव (चौकी प्रभारी), सहायक उप निरीक्षक कमल सिंह उइके, सहायक उप निरीक्षक खेमवती मरावी, प्रधान आरक्षक भारत लाल बसन्त, राजेश मरावी, संतोष धुर्वे, कृष्णपाल सिंह तथा आरक्षक सुनील कुमार पट्टा की सराहनीय भूमिका रही।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment