डिंडौरी न्यूज । मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में जिले में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत गुरुवार को जिले के 25 स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के माध्यम से करीब 20,397 नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत बसों, ऑटो-रिक्शा, टैक्सियों और अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों पर नशामुक्ति संबंधी पोस्टर लगाए गए। वहीं नगर परिषद की एलईडी स्क्रीन पर नशामुक्ति से जुड़े संदेश एवं लघु फिल्में प्रसारित कर लोगों को जागरूक किया गया। विद्यालयों, छात्रावासों, साप्ताहिक हाट-बाजार, बस स्टैंड, गांवों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर छात्र-छात्राओं, युवाओं, किसानों, व्यापारियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम, थाना प्रभारी करंजिया एवं पुलिस टीम ने मॉडल स्कूल करंजिया में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। इस दौरान सभी को नशामुक्त रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
जिले के अन्य क्षेत्रों में एसडीओपी डिंडौरी सतीष द्विवेदी, डीएसपी महिला सुरक्षा पुरुषोत्तम मरावी, कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गाप्रसाद नगपुरे, यातायात थाना प्रभारी सुभाष उईके, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रमों में पंपलेट वितरण, जागरूकता वीडियो प्रदर्शन, जनसंवाद और शपथ ग्रहण जैसे आयोजन किए गए। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव का संदेश भी दिया गया।
जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करें। पुलिस के अनुसार “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान जिलेभर में लगातार जारी रहेगा।







