होम राज्य मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़़ क्राइम न्यूज इंटरनेशनल न्यूज कोर्ट न्यूज राजनीति संसदीय संपादकीय अर्थ जगत हेल्थ शिक्षा खेल विज्ञान

कोई मजदूर मलबे में नहीं दबा: चटुवा हादसे पर सरपंच का विस्तृत स्पष्टीकरण, वायरल दावों का किया खंडन

akvlive.in

Published

डिंडौरी। जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत ग्राम पंचायत चटुवा में सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे को लेकर सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में प्रसारित खबरों पर अब ग्राम पंचायत के सरपंच रामनरेश धुरैया ने विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने घटना से जुड़ी कई खबरों को पूरी तरह भ्रामक, निराधार और तथ्यों से परे बताते हुए वास्तविक स्थिति स्पष्ट की है।

सरपंच रामनरेश धुरैया के अनुसार 09 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत चटुवा में सामुदायिक भवन के बड़े लैंटर की ढलाई का कार्य नियमानुसार कराया जा रहा था। उस समय निर्माण स्थल पर वे स्वयं, पंचायत सचिव तथा संबंधित उपयंत्री उपस्थित रहकर निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे थे।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि ढलाई के दौरान मिक्सर मशीन (लिफ्ट) के माध्यम से सीमेंट और मसाला ऊपर पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान मशीन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिससे वह सेंटिंग पर गिर गई। मशीन का भार अधिक होने के कारण भवन के एक कोने की सेंटिंग नीचे झूल गई, जिससे कुछ समय के लिए निर्माण कार्य प्रभावित हुआ।

सरपंच ने स्पष्ट किया कि घटना में किसी भी मजदूर के मलबे में दबने की बात पूरी तरह गलत है। उनके अनुसार केवल एक मजदूर को बल्ली लगने से हल्की चोट आई थी। घटना के तुरंत बाद सरपंच, पंचायत सचिव और उपयंत्री ने घायल मजदूर को जनपद सदस्य के वाहन से जिला अस्पताल डिंडौरी भेजा, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। उपचार के बाद वह पूरी तरह सुरक्षित अपने घर लौट गया।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार माध्यमों में कई मजदूरों के मलबे में दबने, गंभीर रूप से घायल होने तथा सरपंच, पंचायत सचिव और उपयंत्री के घटनास्थल से भाग जाने जैसी खबरें प्रसारित की गईं, जबकि ऐसा कोई घटनाक्रम नहीं हुआ। उन्होंने इन खबरों को असत्य, भ्रामक और निराधार बताते हुए कहा कि इससे ग्राम पंचायत की प्रतिष्ठा और उनकी व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

सरपंच रामनरेश धुरैया ने कहा कि ग्राम पंचायत चटुवा विकास कार्यों को पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संचालित कर रही है। निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाते हैं।

उन्होंने सभी समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया संचालकों से अपील की कि किसी भी समाचार के प्रकाशन या प्रसारण से पहले संबंधित पक्ष से तथ्यात्मक जानकारी अवश्य प्राप्त करें। अपुष्ट और भ्रामक समाचार न केवल आमजन को भ्रमित करते हैं, बल्कि संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थाओं की प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करते हैं।

सरपंच ने विश्वास दिलाया कि ग्राम पंचायत चटुवा भविष्य में भी जनहित, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ विकास कार्यों को निरंतर जारी रखेगी। हालांकि, घटना को लेकर जारी यह स्पष्टीकरण सरपंच का आधिकारिक पक्ष है। यदि इस मामले में प्रशासन या जांच एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक जांच या निष्कर्ष सामने आते हैं, तो वही अंतिम और प्रमाणिक स्थिति मानी जाएगी।

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

संबंधित ख़बरें