—Advertisement—

समनापुर में विकसित भारत जी-राम-जी योजना का जिला स्तरीय जन सम्मेलन : ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन पर दिया गया जोर

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot July 2, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज। विकसित भारत के संकल्प को ग्रामीण स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को मंगल भवन, समनापुर में विकसित भारत जी-राम-जी योजना के जिला स्तरीय “जन सम्मेलन सह-लॉंच कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक श्री ओंकार सिंह मरकाम रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पवंती कुशराम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हेमवती भारत सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष श्री शिवराम राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, आधारभूत संरचनाओं का विकास होगा, जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण कर गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कार्य किए जाएंगे।

सम्मेलन के दौरान योजना के उद्देश्यों, प्रावधानों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। पंच-सरपंचों एवं ग्रामीणजनों को बताया गया कि योजना के तहत कौन-कौन से विकास कार्य कराए जा सकते हैं, उनकी पात्रता क्या होगी तथा जनभागीदारी के माध्यम से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किस प्रकार सुनिश्चित किया जाएगा।

अधिकारियों ने सभी ग्राम पंचायतों से अपील की कि वे योजना के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों का चयन कर ग्रामीणों को अधिकतम लाभ दिलाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना किसी भी योजना का उद्देश्य पूर्ण नहीं हो सकता, इसलिए प्रत्येक ग्रामवासी की सहभागिता आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों ने विकसित भारत जी-राम-जी योजना को ग्राम विकास, रोजगार संवर्धन एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसके सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल रहा और ग्रामीणों ने योजना के प्रति विशेष रुचि दिखाई।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment